पौड़ी गढ़वाल : पौड़ी जनपद के थलीसैंण क्षेत्र के कपरोली स्थित स्कूल में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे प्रवासियों द्वारा सोमवार रात को राजस्व पुलिस टीम पर पथराव करने तथा एसडीएम से अभद्रता करने के आरोप में पुलिस ने चार प्रवासियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक थलीसैंण के कपरोली गांव में राजकीय हाई स्कूल में संस्थागत क्वारंटाइन केंद्र बनाया गया है। जहाँ करीब 30 प्रवासियों को क्वारंटाइन में रखा गया है। इनमें कुछ परिवार भी शामिल हैं। एसडीएम रविंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार रात करीब नौ बजे उनके मोबाइल पर किसी शख्स में कॉल किया और बताया कि कपरोली क्वारंटाइन सेंटर में बहुत अव्यवस्थाएं हैं। इन्हें ठीक नहीं किया गया तो वह आत्महत्या कर लेगा। फोन करने वाले ने स्पीकर खोल रखा था, तभी फोन पर कुछ लोग गाली-गलौज करते सुनाई पड़े। जब एसडीएम रविन्द्र सिंह राजस्व टीम को लेकर मौके पर पहुंचे तो यहां मौजूद कुछ प्रवासियों ने क्वारंटाइन सेंटर के गेट पर उनसे फिर अभद्रता की तथा केंद्र के बाहर खड़ी राजस्व विभाग की टीम पर पथराव किया।
थानाध्यक्ष थलीसैंण संतोष पैथवाल ने बताया कि राजस्व उपनिरीक्षक, तहसील थलीसैंण, अशोक कुमार की शिकायत पर चार प्रवासियों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने कहा कि क्वारंटीन केंद्रों पर हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रवासियों को लॉकडाउन व क्वारंटीन के नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा। हुड़दंग मचाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
अभियुक्तों का नाम पता :
- रोशन सिंह पुत्र नारायण सिंह निवासी ग्राम कपरोली थाना थलीसैंण, जनपद पौड़ी गढवाल।
- नन्दन सिंह पुत्र रेवत सिंह निवासी ग्राम कपरोली थाना थलीसैंण जनपद पौड़ी गढवाल।
- राकेश पुत्र अमर सिंह निवासी ग्राम कपरोली थाना थलीसैंण जनपद पौड़ी गढवाल।
- सुरेन्द्र सिंह पुत्र गोविन्द सिंह निवासी ग्राम कपरोली थाना थलीसैंण जनपद पौड़ी गढवाल।
पंजीकृत अभियोगः-
- मु0अ0स0-10/2020, धारा 353/188 भादवि एवं 51 (बी) आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005
पुलिस टीम:-
- थानाध्यक्ष सन्तोष पैंथवाल
- कान्स. टीकम सिंह
- कान्स.राकेश चौहान
- फायरमैन अवधेश
- हो0 गा0 रघुवीर