Prayagraj Maha Kumbh 2025

Kumbh Mela 2025: महाशिवरात्रि के मौके पर आज 26 फरवरी को अंतिम अमृत स्नान के साथ प्रयागराज महाकुंभ 2025 का समापन हो गया। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर प्रयागराज महाकुंभ के अंतिम दिन भी श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा रहा।

45 दिनों तक चले प्रयागराज महाकुंभ 2025 में 66 करोड़ से ज्यादा लोगों ने पवित्र त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई। मेला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बुधवार रात 8 बजे तक प्रयागराज में 1.53 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में डुबकी लगाई। वहीँ 13 जनवरी से अब तक स्नान करने वालों की संख्या 66.30 करोड़ से अधिक पहुंच गई है। मेला प्रशासन ने स्नानार्थियों पर गुलाब की 120 क्विंटल पंखुड़ियों की वर्षा कराई।

प्रयागराज में भक्तों का सैलाब को देखते हुए प्रशासन ने महाकुंभ नगर और प्रयागराज शहर में भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। सभी वीवीआईपी प्रोटोकॉल को रद्द कर दिया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और आयोजन शांतिपूर्वक पूरा हो सके।

सीएम योगी ने प्रयागराज के लोगों को दिया विशेष धन्यवाद

महाकुंभ 2025 के समापन के मौके पर सीएम योगी ने विशेष रूप से प्रयागराज वासियों का धन्यवाद किया। सीएम योगी ने X पोस्ट के जरिए कहा कि महाकुम्भ के सुव्यवस्थित आयोजन के कर्णधार रहे महाकुम्भ मेला प्रशासन, स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्वच्छताकर्मियों, गंगा दूतों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, नाविकों तथा महाकुम्भ से जुड़े केंद्र व प्रदेश सरकार के सभी विभागों सहित प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी महानुभावों व संस्थाओं को साधुवाद। विशेष रूप से प्रयागराज वासियों का धन्यवाद, जिनके धैर्य एवं आतिथ्य सत्कार ने सबको सम्मोहित किया।

सीएम योगी कल जाएंगे प्रयागराज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल 27 फरवरी 2025 को सुबह 11:25 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री गंगा संकुल का भ्रमण करेंगे। रानी दुर्गावती पंडाल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सफाई कर्मियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित करेंगे। इसके साथ ही स्वच्छ कुंभकोष व आयुष्मान योजना अच्छादन प्रमाण पत्र का वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री त्रिवेणी संकुल पहुंचकर नाविकों एवं यूपीएसआरटीसी के चालकों से बातचीत करेंगे। मुख्यमंत्री हनुमान जी मंदिर में दर्शन करेंगे एवं सेक्टर 6 स्थित नेत्र कुंभ का दौरा करेंगे। डिजिटल मीडिया सेंटर में मीडिया कर्मियों से संवाद  भी करेंगे।