पौड़ी गढ़वाल: विकास खंड कल्जीखाल अंतर्गत ग्राम थनूल स्थित प्राचीन सिद्धपीठ थानेश्वर महादेव मंदिर में आगामी 15 फरवरी को मनाए जाने वाले महाशिवरात्रि पर्व को दिव्य एवं भव्य रूप से आयोजित करने को लेकर रविवार को मंदिर समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक मंदिर समिति के अध्यक्ष जगमोहन डांगी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर्व पर भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कोषाध्यक्ष की अनुपस्थिति में अध्यक्ष जगमोहन डांगी ने पिछले वर्षों का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया तथा पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आय-व्यय की पीडीएफ फाइल समिति के ग्रुप में साझा करने की बात कही, ताकि श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर विकास और धार्मिक आयोजनों हेतु दी गई राशि का पूरा विवरण सार्वजनिक रह सके।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए थनूल महिला मंगल दल द्वारा मंदिर परिसर तथा मंदिर तक जाने वाले संपर्क मार्गों पर स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई। महाशिवरात्रि के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती आरती नेगी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
बैठक में ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह रावत को मंदिर परिसर के समतलीकरण हेतु मनरेगा के तहत प्रस्ताव देने का निर्णय लिया गया, जिस पर सभी ग्रामवासियों ने सहमति व्यक्त की। साथ ही क्षेत्रीय विधायक राजकुमार पोरी द्वारा घोषित धर्मशाला निर्माण कार्य चार वर्ष बीतने के बाद भी पूर्ण न होने पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी व्यक्त की। निर्णय लिया गया कि महाशिवरात्रि के पश्चात क्षेत्र की महिलाएं मंदिर समिति के नेतृत्व में विधायक कार्यालय पौड़ी जाकर घोषणा को पूरा कराने की मांग करेंगी।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह रावत, कार्यकारी अध्यक्ष मनमोहन सिंह रावत, संरक्षक बीएस नयाल, सचिव दिगम्बर सिंह नेगी, उपाध्यक्ष रविन्द्र सिंह रावत, सह सचिव ऋषि बल्लभ डुकलाण, पूर्व प्रधान उमा देवी, महिला मंगल दल अध्यक्ष बसंती देवी, अशोक रावत, बीना देवी, सरोजनी देवी, शांति नयाल, देवेश्वरी देवी सहित अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे।
जगमोहन डांगी



