पौड़ी: जनपद गढ़वाल में जिला पंचायत चुनाव की मतगणना पूर्ण होने के उपरांत परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर रचना बुटोला ने जीत हासिल की है, जबकि उपाध्यक्ष पद पर आरती नेगी विजयी रहीं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अध्यक्ष पद पर रचना बुटोला ने कुल 33 मत प्राप्त किए, जबकि उनकी प्रतिद्वंदी दीपिका ईष्टवाल को मात्र 05 मत प्राप्त हुए। कांग्रेस समर्थित 8 जिला पंचायत सदस्य चुनाव जीत कर आये थे। इसके अलावा निर्दलीय जिला पंचायत सदस्यों में से भी 11 कांग्रेसी पृष्ठभूमि के थे। इसके बावजूद कांग्रेस की करारी हार से क्रॉस वोटिंग खुलकर सामने आयी। भाजपा समर्थित 12 जिला पंचायत सदस्य जीत कर आये थे। लेकिन वोटिंग के बाद भाजपा की रचना बुटोला के खाते में 34 मत आये। कुल 38 जिला पंचायत सदस्यों वाले सदन में एकतरफा 34 मत मिलने से बड़ी जीत कही जा सकती है।
उपाध्यक्ष पद पर भाजपा ने महेन्द्र राणा को अपना प्रत्याशी घोषित किया था। जबकि कांग्रेस ने चन्द्रभानु बिष्ट को मैदान में उतारा था, वहीँ आरती नेगी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उपाध्यक्ष के लिए पर्चा भरा। आज हुए चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर आरती नेगी को 18 मत और महेंद्र राणा को 14 मत मिले। जिला निर्वाचन अधिकारी ने परिणाम घोषित होने के पश्चात विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। अध्यक्ष पद का प्रमाण पत्र रचना बुटोला की ओर से उनके प्रस्तावक भरत रावत ने प्राप्त किया, जबकि उपाध्यक्ष पद का प्रमाण पत्र आरती नेगी ने स्वयं ग्रहण किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी विकासखंडों में पूरी चुनाव प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई। मतगणना केंद्रों पर पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। उन्होंने कहा कि जनपद के मतदाताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से मतदान किया। साथ ही उन्होंने सभी मतदाताओं, प्रत्याशियों, प्रशासनिक व पुलिस दलों और चुनाव ड्यूटी में लगे सभी कार्मिकों का धन्यवाद व्यक्त किया।
चुनाव पर्यवेक्षक ललित मोहन रयाल ने कहा कि पौड़ी गढ़वाल में हुए जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप एवं पूर्णतः पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हुए हैं। मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या शिकायत प्राप्त नहीं हुई।
पौड़ी जनपद के 14 विकासखंडों में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ पंचायत चुनाव, विजेताओं को मिला प्रमाण पत्र
जनपद पौड़ी के सभी 14 विकासखंडों में पंचायत चुनाव के तहत मतदान और मतगणना की प्रक्रिया गुरुवार को शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि मतगणना समाप्त होने के बाद संबंधित क्षेत्र के आरओ ने विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए निर्वाचन अधिकारियों और सुरक्षा बलों को धन्यवाद दिया।
जनपद के सभी विकासखंडों में ब्लॉक प्रमुख, उप ज्येष्ठ प्रमुख और उप कनिष्ठ प्रमुख पदों पर चुनाव हुए। कई स्थानों पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए। विकासखंड पाबौ में ब्लॉक प्रमुख लता देवी, उप ज्येष्ठ प्रमुख राजपाल सिंह और उप कनिष्ठ प्रमुख शिवानी देवी निर्विरोध चुने गए। थलीसैंण में उप कनिष्ठ प्रमुख राज शेखर रावत, दुगड्डा में आरती काला और बीरोंखाल में विनीता देवी भी निर्विरोध विजयी हुई।
विकासखंडवार परिणाम
- पौड़ी – ब्लॉक प्रमुख अस्मिता देवी, उप ज्येष्ठ प्रमुख अर्चना तोपाल, उप कनिष्ठ प्रमुख नीरज परटवाल।
- कोट – ब्लॉक प्रमुख गणेश सिंह, उप ज्येष्ठ प्रमुख उपेन्द्र भट्ट, उप कनिष्ठ प्रमुख अनिल कुमार।
- कल्जीखाल – ब्लॉक प्रमुख गीता देवी, उप ज्येष्ठ प्रमुख संजय कुमार, उप कनिष्ठ प्रमुख दीपक कुमार।
- खिर्सू – ब्लॉक प्रमुख अनिल भंडारी, उप ज्येष्ठ प्रमुख नितिन रावत, उप कनिष्ठ प्रमुख बरदाशी देवी।
- नैनीडांडा – ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण सिंह, उप ज्येष्ठ प्रमुख रेखा देवी, उप कनिष्ठ प्रमुख राजेंद्र पटवाल।
- जयहरीखाल – ब्लॉक प्रमुख रणबीर सिंह, उप ज्येष्ठ प्रमुख सुरेन्द्र सिंह, उप कनिष्ठ प्रमुख पूनम देवी।
- द्वारीखाल – ब्लॉक प्रमुख बीना राणा, उप ज्येष्ठ प्रमुख नीलम देवी, उप कनिष्ठ प्रमुख कौशल्या देवी।
- यमकेश्वर – ब्लॉक प्रमुख सीता चौहान, उप ज्येष्ठ प्रमुख स्वाति देवी, उप कनिष्ठ प्रमुख धर्मेंद्र सिंह।
- पोखड़ा – ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह नेगी, उप ज्येष्ठ प्रमुख प्रदीप सिंह, उप कनिष्ठ प्रमुख संजय सिंह बिष्ट।
- एकेश्वर – ब्लॉक प्रमुख पंकज सिंह, उप ज्येष्ठ प्रमुख मुकेश पांथरी, उप कनिष्ठ प्रमुख सुनीता देवी।
- रिखणीखाल – ब्लॉक प्रमुख रेनू रावत, उप ज्येष्ठ प्रमुख सुनीता देवी, उप कनिष्ठ प्रमुख निशा देवी।
- बीरोंखाल – ब्लॉक प्रमुख नेहा नेगी, उप ज्येष्ठ प्रमुख कुलदीप सिंह।
- थलीसैंण – ब्लॉक प्रमुख सुनीता देवी, उप ज्येष्ठ प्रमुख मनवर सिंह।
- दुगड्डा – ब्लॉक प्रमुख सूरज सिंह, उप ज्येष्ठ प्रमुख सुनील सिंह।
- पाबौ– पाबौ ब्लॉक में लता रावत पहले ही निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख चुनी गई हैं।



