पौड़ी: जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों के क्रम में वन विभाग के तत्वाधान में विकासखंड सभागार कल्जीखाल में प्रभागीय वनाधिकारी गढ़वाल स्वन्पिल अनिरूद्व की उपस्थिति में वनाग्नि की रोकथाम हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अदवाणी रेंज को वनाग्नि से बचाने के लिए रानीगढ़ अदवाणी वन बंधु समिति का गठन करने के साथ ही स्थानीय लोगों को वनाग्नि के प्रति जागरूक किया गया।
बुधवार को आयोजित वनाग्नि रोकथाम जन जागरूकता अभियान के तहत कल्जीखाल में आयोजित कार्यक्रम में 30 ग्राम पंचायतों के प्रधान व 28 वन पंचायतों के सरपंच सहित राजस्व, पुलिस, वन, विकास विभाग के करीब 300 लोगों ने वनाग्नि की रोकथाम को लेकर शपथ ली। मौके पर उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों ने अदवाणी रेंज को आग से बचाने के लिए घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर करने के उपरांत घोषणा पत्र को रानीगढ़ महादेव मंदिर में पुजारी को सौंपा।
डीएफओ गढ़वाल ने कार्यक्रम में उपस्थितों को वनाग्नि की रोकथाम के लिए पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने कहा कि वनाग्नि पर रोकथाम लगाने के लिए जनसहभागिता व अधिकारियों/कर्मचारियों की तत्परता अतिआवश्यक है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वे अपनी-अपनी ग्राम सभाओं में निवासरत प्रत्येक ग्रामवासी को वनाग्नि की रोकथाम के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जंगलों से सटे गांवों में निवासरत काश्तकार खेतों की साफ-सफाई/झाड़ी कटान से पैदा हुए आड़े को न जलाएं। साथ ही वन क्षेत्रों से होकर गुजरने वाले यात्रियों को वन क्षेत्रों में धुम्रपान, लाइटर, माचिस इत्यादि का प्रयोग नहीं करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि वनाग्नि एक अभिषाप है इससे एक ओर जहां वनस्पतियों को नुकशान होता है वहीं वन्य जीव जंतुओं को भी इसकी क्षति का नुकसान झेलना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अदवाणी रेंज में शीतलाखेत मॉडल के तर्ज पर रानीगढ़ अदवाणी वन बंधु समिति का गठन किया है। यह समिति वनाग्नि के शमन के साथ-साथ अनियंत्रित वनाग्नि से प्रभावितों व जीवजंतुओं के बचाव में भी सहयोग प्रदान करेगी। कार्यक्रम में उच्च आदर्श प्राथमिक विद्यालय कल्जीखाल की छात्राओं ने सरस्वती बंदना एवं स्वागत ज्ञान सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दी वही उन्नत गढ़वाल समाजिक संस्था टीम ने भी पर्यावरण संरक्षण एवं वन अग्नि रोकथाम पर लोकगीतों की प्रस्तुतियां दी। मुख्यातिथि द्वारीखाल ब्लॉक प्रमुख प्रशासक एवं प्रमुख प्रशासक संगठन के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह राणा ने कहा की पहली बार वन अग्नि सुरक्षा को लेकर ब्लॉक मुख्यालय में वन अग्नि सुरक्षा संगोष्ठी का आयोजन कर डीएफओ गढ़वाल प्रभागीय वन स्वप्निल अमरूद का आभार व्यक्त किया उन्होंने कहा वन अग्नि रोकथाम के लिए जनप्रतिनिधि एवं और ग्रामीणों की सामूहिक सहभागिता जरूरी है।
कार्यक्रम में डीएफओ सीविल एवं सोयम पवन नेगी, एसडीओ वन प्रभाग गढ़वाल आयषा बिष्ट, एसडीओ थलीसैंण लक्की शाह, खंड विकास अधिकारी कल्जीखाल गंगा प्रसाद लखेड़ा, अदवाणी रेंज अधिकारी दिनेश चंद्र नौटियाल, रेंज अधिकारी सतपुली भूपेंद्र नौटियाल, ग्राम प्रधान धनाऊ मल्ला एवं प्रधान प्रशासक संगठन जिला अध्यक्ष कमल रावत,कनिष्ठ प्रमुख अर्जुन पटवाल पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख महेंद्र कुमार,प्रधान संगठन खंड कल्जीखाल अध्यक्ष रमेशचंद्र शाह द्यूशा रोशन लाल, सरपंच गहड़ रामेश्वरी देवी, सरपंच दरवान सिंह, सरपंच रामकुमार नेगी,विकास खंड कल्जीखाल के समस्त अधिकारी,सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। संगोष्ठी का संचालन अद्वैत बहुगुणा ने किया।