Garhwal University student union elections result: हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव शनिवार को सम्पन्न हुए और परिणाम की घोषणा देर शाम हुई। छात्रसंघ चुनाव 2025-26 के लिए बिड़ला परिसर श्रीनगर में छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के प्रत्याशी महिपाल बिष्ट ने जीत हासिल की है। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंदी जय हो छात्र संगठन के शिवांश डोभाल को 664 मतों के अंतर से पराजित किया। महिपाल बिष्ट को 2584 मत मिले,जबकि जय हो छात्र संगठन के प्रत्याशी शिवांश डोभाल को 1920 मत प्राप्त हुए। इस तरह एबीवीपी ने 664 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
उपाध्यक्ष पद पर आइसा के शिवांक नौटियाल ने बाजी मारी है। उपाध्यक्ष पद आइसा के शिवांक नौटियाल को 2603 मत प्राप्त हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी छात्रम के अभिषेक घिल्डियाल को 749 मतों से पराजित किया।
सचिव पद पर आर्यन छात्र संगठन के अनुरोध पुरोहित ने एनएसयूआई के मोहित राणा को पराजित किया। आर्यन छात्र संगठन के अनुरोध पुरोहित को 2307 मत प्राप्त हुए, उन्होंने एनएसयूआई के मोहित राणा को 226 मतों से पराजित किया।
इसके अलावा सह-सचिव पद अभिषेक सिंह और कोषाध्यक्ष पद पर आयुष एवं कार्यकारिणी सदस्य पद पर पीयूष नौटियाल, सुधांशु कुमार झा निर्विरोध निर्वाचित हुए। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद पर निर्दलीय प्रत्याशी अनमोल जयाडा को 2430 मत प्राप्त हुए। जबिक शौर्य विकास उपाध्याय को 1652 मत प्राप्त हुए। अनमोल सिंह जयाड़ा ने 778 मतों से जीत अपने नाम की। वहीं छात्रा प्रतिनिधि पद पर एबीवीपी की विदिशा सिंह को 2504 मत प्राप्त हुए,जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी एआईडीएसओ की निशा को 1858 वोट मिले। विदिशा ने 646 मतों से जीत दर्ज की।
पौड़ी में NSUI का अध्यक्ष समेत 5 पदों पर कब्जा
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के पौड़ी परिसर में हुए छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की। वहीं, दो पदों पर एनएसयूआई ने पहले ही निर्विरोध जीत हासिल कर ली थी। एबीवीपी को केवल कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध जीत मिली।
पौड़ी परिसर में अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के चिराग गुसांई ने 294 वोट पाकर जीत हासिल की। जबकि एबीवीपी के मोहित चौहान को 261 वोट मिले। चिराग ने 33 मतों से जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर कड़े मुकाबले में एनएसयूआई की मानसी डंगवाल को 270 और एबीवीपी के कुलदीप सिंह को 267 वोट मिले। मानसी ने मात्र 3 वोटों से जीत दर्ज की। यूआर पद पर एनएसयूआई के अखिल रावत को 235 वोट मिले, जबकि एबीवीपी के इशांत नेगी को 195 और निर्दलीय सोनिया कुमार को 118 वोट प्राप्त हुए। अखिल ने 40 वोटों से जीत दर्ज की। सचिव पद पर एनएसयूआई के हर्षवर्धन जैन, सहसचिव पद पर एनएसयूआई की दीपाजंल टम्टा, कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी के सुमित कुमार निर्विरोध विजयी रहे।
गढ़वाल विश्वविद्यालय में शनिवार को सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया लगभग तीन बजे तक चली। मतदान अवसर के उत्साह के साथ 4601 छात्र व छत्राओं ने अपने मत का प्रयोग किया। इस दौरान चुनाव समिति समेत डीएसडब्ल्यू बोर्ड, नियन्ता बोर्ड समेत पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन ने मुस्तैदी के साथ शांतिपूर्ण चुनाव समपन्न करवाने में अपनी भूमिका निभाई। स्वयं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो श्रीप्रकाश सिंह ने मतदान स्थल पर पहुंचकर सभी बूथों का जायजा लिया।
चुनाव परिणाम की घोषणा करते हुए मुख्य चुनाव अधिकारी ने प्रो एचसी नैनवाल ने शांतिपूर्ण चुनाव के लिए विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राओं का धन्यवाद देते हुए चुनाव परिणाम की घोषण की।
एसआरटी परिसर टिहरी में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पर एबीवीपी का कब्जा
एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के टिहरी स्थित एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में छात्रसंघ अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। जबकि महासचिव पर निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। निर्वाचित पदाधिकारियों ने समर्थकों के साथ विजयी जुलूस निकाल कर खुशी व्यक्त की। शनिवार को हुए एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के आशीष राणा, उपाध्यक्ष आलोक कुमार निर्विरोध निर्वाचित हुए। जबकि महासचिव पद पर निर्दलीय प्रत्याशी अमन सुयाल ने एबीवीपी के अनुज नेगी को 45 वोट से हराया। सहसचिव पर भी निर्दलीय मांगीलाल मेघवाल ने एबीवीपी की शीतल नेगी को 122 वोट से कोषाध्यक्ष पद पर भी निर्दलीय आदित्य नौटियाल ने एबीवीपी के आयुष नेगी को 36 वोट से पराजित किया।
छात्रा प्रतिनिधि आरक्षित पर निर्दलीय नैंसी ने भावना को, कार्यकारिणी सदस्य सामान्य पर निर्दलीय विशाल कुमार यादव ने सुधांशु डोबाल को, विवि प्रतिनिधि पर निर्दलीय अनामिका पंवार ने सुधांशु अग्रवाल को पराजित कर जीत दर्ज की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. केसी पेटवाल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर सहायक निर्वाचन अधिकारी डॉ. शंकर लाल, डॉ. नीरज जोशी, प्रो. डीएस कैंतुरा, प्रो.आरसी रमोला, प्रो. सुनीता गोदयाल प्रो.डीएस बागड़ी, प्रो.ममता राणा, डॉ.सना रफी, डॉ.प्रेम बहादुर, डॉ.यूएस नेगी आदि मौजूद थे।