Ritu Khanduri assembly speaker

देहरादून : 26 मार्च को उत्तराखंड राज्य को पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष मिल जाएगी। गुरुवार को कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रितु खंडूरी भूषण ने राज्य की पांचवीं विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष पद पर नामांकन किया। उन्होंने सचिव विधानसभा को 16 सेट में नामांकन पत्र सौंपे। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्रियों में प्रेमचंद अग्रवाल, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य सहित कई विधायक मौजूद थे।

विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए 24 एवं 25 मार्च नामांकन की तिथि रखी गई है जबकि 26 मार्च को सदन में विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन किया जाएगा। 70 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 47 विधायक हैं। इस दृष्टिकोण से ऋतु खंडूड़ी भूषण का विधानसभा अध्यक्ष बनना तय हो गया है। वह उत्तराखंड की पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष होंगी।

नामांकन भरने के बाद रितु खंडूरी ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि उत्तराखंड राज्य में महिलाओं का सम्मान करते हुए विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए उन्हें प्रत्याशी बनाया गया। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष बनने के बाद वह प्रदेश की जनता की अपेक्षाओं एवं आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य करेंगी। साथ ही सदन की संसदीय परंपराओं के निर्वहन के लिए प्रतिबद्ध रहेंगी। उन्होनें कहा की वह दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करेंगे। साथ ही पद की गरिमा का पालन करेंगी।

कोटद्वार विधानसभा से भाजपा की वर्तमान विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय मंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी की पुत्री हैं। उनके पति राजेश भूषण केंद्र में सचिव स्वास्थ्य के पद पर कार्यरत हैं।