Pauri student union president

Pauri student union elections: हेमवती नंदन गढ़वाल विश्वविद्यालय के पौड़ी परिसर में शनिवार को हुए छात्र संघ चुनावों में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी ऋत्विक सिंह असवाल ने जीत हासिल की है। उन्होंने एनएसयूआई के प्रत्याशी अर्जुन गोदियाल को 238 मतों से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्ज़ा किया।

मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राजेश डंगवाल के मुताबिक अध्यक्ष पर कुल 750 मतों में से ऋत्विक सिंह असवाल को 434 मत मिले। जबकि दूसरे स्थान पर एनएसयूआई के प्रत्याशी अर्जुन गोदियाल 196 मतों पर संतोष करना पड़ा। एबीवी के प्रत्याशी अमन कुमार 103 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। 12 मत अवैध और 5 नोटा भी पाए गए।

सहसचिव पद पर सीधे मुकाबले में एबीवीपी के देव कुमार ने जीत दर्ज की। देव कुमार को 370 मत मिले। 293 मतों के साथ दूसरे स्थान पर एनएसयूआई की प्रत्याशी हिमानी रहीं। कोषाध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी लवीश नेगी रहे। नेगी को 438 मत मिले। जबकि 272 मत लेकर एनएसयूआई की प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहीं। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर निर्दलीय विनय रावत ने जीत हासिल की। विनय को 422 मत पड़े। इसी पद पर 317 मत लेने के बाद एनएसयूआई के प्रत्याशी अमन नयाल दूसरे नंबर पर रहे। उपाध्यक्ष पद पर आर्यन के प्रत्याशी रोहित कुमार, सचिव पद पर आर्यन के प्रत्याशी ऋत्विक रावत और छात्रा प्रतिनिधि पर खुशी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

इस बार पौड़ी परिसर में एनएसयूआई का जादू नहीं चला। बीते सालों में छात्र संघ अध्यक्ष पर एनएसयूआई ही परचम लहराती आ रही थी। जबकि इस बार एनएसयूआई का खाता भी नहीं खुल पाया। वहीँ एबीवीपी ने केवल सह सचिव पद जीत हासिल की। जबकि आर्यन के प्रत्याशी सचिव तथा उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुने गए। इस बार छात्र संघ चुनावों में अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, यूआर और छात्रा प्रतिनिधि पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। चुनाव में 20 फीसदी वोट नोटा और अवैध पाए गए।