Chaudhary Ajit Singh passed away

नई दिल्लीः राष्ट्रीय लोक दल प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह का आज सुबह गुरुग्राम के निजी अस्पताल में निधन हो गया। 82 वर्षीय चौधरी अजित सिंह 22 अप्रैल को कोरोना संक्रमित हुए थे। मंगलवार रात उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। जानकारी के मुताबिक उनके फेफड़ों में संक्रमण बढ़ने के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी, बृहस्पतिवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के बेटे चौधरी अजित सिंह उत्तर प्रदेश के बागपत से सात बार सांसद रहे और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री भी रह चुके हैं। उनके निधन के बाद पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शोक की लहर है। अजित सिंह और उनके परिवार की जाट समाज में काफी पैठ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चौधरी अजित सिंह को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे हमेशा किसानों के हित में समर्पित रहे।