पौड़ी: विकासखंड कलजीखाल के सरस्वती विद्या मंदिर घंडियाल के विद्यालय प्रांगण में रविवार को विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में मातृशक्ति के सशक्तिकरण हेतु “सप्त शक्ति संगम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य गढ़कोट सविता देवी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता अंकिता रावत, सहायक अध्यापिका (गणित) राजकीय इंटर कॉलेज दिउसी रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं के त्याग, समर्पण, संघर्ष तथा समाज एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की संयोजिका एवं संचालिका सरस्वती विद्या मंदिर घंडियाल की शिक्षिका कुमारी संतोषी नैथानी ने नारी के विभिन्न रूपों का प्रभावशाली वर्णन करते हुए कार्यक्रम का कुशल संचालन किया। इस अवसर पर पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं महिला मंगल दल अध्यक्ष घंडियाल गायत्री पटवाल ने कहा कि महिलाओं को सामाजिक सहभागिता एवं सशक्तिकरण के लिए ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। राजनीति में ग्राम प्रधान से लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष तक और प्रशासनिक क्षेत्र में पटवारी से लेकर जिलाधिकारी तक महिलाएं नेतृत्व कर रही हैं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत पीएलवी जगमोहन डांगी ने मासिक प्लान ऑफ एक्शन के तहत विधिक साक्षरता एवं जागरूकता अभियान के अंतर्गत महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों की जानकारी दी और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य अतिथि सविता देवी ने मातृशक्ति के सशक्तिकरण हेतु इस प्रकार के आयोजन के लिए विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में महिला नेतृत्वकर्ता के रूप में पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सपना रावत, पूर्व ग्राम प्रधान प्रिया रावत, सुनीता देवी, कृष्णा देवी, पूजा कुकरेती, पूजा देवी, लक्ष्मी देवी सहित बड़ी संख्या में विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, महिला अभिभावक एवं ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के अंत में सरस्वती विद्या मंदिर घंडियाल के प्रधानाचार्य संदीप रावत ने सभी अतिथियों एवं वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें मां भारती की प्रतिमा एवं पुस्तिकाएं भेंट कीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक सतीश चंद्र, अशोक नेगी एवं बीना रावत का विशेष सहयोग रहा। अंत में कुमारी संतोषी नैथानी द्वारा मां भारती की शपथ दिलाई गई।

जगमोहन डांगी