चमोली: पैनखंडा ज्योर्तिमठ के चौडारी निवासी और गृह मंत्रालय के अधीन दिल्ली में निरीक्षक के पद पर तैनात सतीश कपरवाण को उनकी सराहनीय एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक (पीपीएम) 2025 के लिए नामित किया गया है। यह सम्मान भारत के प्रधानमंत्री द्वारा प्रदान किया जाता है।
सतीश कपरवाण को इससे पूर्व वर्ष 2018 में भारतीय पुलिस पदक (आईपीएम) से भी नवाजा जा चुका है, जिसे भारत के गृहमंत्री अमित शाह ने उन्हें प्रदान किया था। छह वर्ष बाद एक बार फिर उनकी उल्लेखनीय सेवाओं और कठिन परिश्रम को देखते हुए उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए चुना जाना न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे ज्योर्तिमठ और जनपद चमोली के लिए गर्व की बात है।
पैनखंडा जोशीमठ नगर पालिका क्षेत्र में जन्मे सतीश ने प्रारंभिक शिक्षा राजकीय इंटर कॉलेज जोशीमठ से प्राप्त की और राजकीय स्नातक महाविद्यालय गोपेश्वर से उच्च शिक्षा पूरी की। इसके बाद उन्होंने आईटीआई से स्टेनोग्राफी का प्रशिक्षण लिया। छात्र जीवन से ही खेलों में गहरी रुचि के कारण उन्होंने पैरामिलिट्री फोर्स में जाने का निर्णय लिया और तत्पश्चात गृह मंत्रालय में सेवा देते हुए कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
सतीश के इस चयन पर उनके परिजनों, मित्रों और ज्योर्तिमठवासियों में हर्ष की लहर है। क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है।