सड़क हादसे में घायल हुई SDM संगीता कनौजिया का एम्स ऋषिकेश में निधन

ऋषिकेश : हरिद्वार के लक्सर की उप जिलाधिकारी (SDM) रहीं पीसीएस अफसर संगीता कनौजिया का आज सुबह करीब 10 बजे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में निधन हो गया है। संगीता कनौजिया का बीते 26 अप्रैल लक्सर में कार एक्सीडेंट हुआ था। उन्हें गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था। जहाँ 4 महीने तक डॉक्टर उन्हें बचाने के प्रयास करते रहे। लेकिन आज संगीता जिंदगी की जंग हार गईं। संगीता कनौजिया के निधन की पुष्टि एम्स ऋषिकेश के जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल ने की है।

दुर्घटना में उनके चालक गोविंद राम की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी। एम्स प्रशासन के मुताबिक, संगीता को एम्स ऋषिकेश के लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था।

26 अप्रैल को रुड़की क्षेत्र के लंढौरा के पास सोलानी पुल पर एसडीएम लक्सर संगीता कनौजिया की गाड़ी की एक ट्रक के साथ जबरदस्त टक्कर हो गई थी। इस दुर्घटना में उनके चालक गोविंद राम की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी। जबकि एसडीएम संगीता कनौजिया गंभीर रूप से घायल हो गईं थी। उन्हें उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था। जहाँ 30 अप्रैल को न्यूरो सर्जरी विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने उनके गले एवं स्पाइन सर्जरी की थी। उनकी गर्दन, छाती और सिर में गहरी चोटें आईं थी। एम्स प्रशासन के मुताबिक संगीता को एम्स ऋषिकेश के लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था। आज सुबह करीब 10 बजे उनकी मृत्यु हो गई।

जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय ने उप जिलाधिकारी संगीता कनौजिया के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से, दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए, शोक संतप्त परिवारजनों को यह दारूण दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिये, प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंहधामी ने जताया गहरा दुख:

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संगीता कनौजिया के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट किया कि-‘ कुछ माह पूर्व हुई दुर्भाग्यपूर्ण वाहन दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल SDM संगीता कनौजिया जी का एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें’।

Koo App

सड़क दुर्घटना में घायल लक्सर एसडीम रहीं संगीता कनौजिया जी का एम्स में लंबे समय से चल रहे उपचार के बाद निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। माँ गंगा से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने और उनके शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूँ। ॐ शांति

Madan Kaushik (@madankaushikbjp) 8 Sep 2022