journalist Purshottam Asanora dies

ऋषिकेश : वरिष्ठ पत्रकार और राज्य आंदोलनकारी पुरुषोत्तम असनोड़ा का आज ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल में निधन हो गया। विगत 30 वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता से जुड़े पत्रकार असनोड़ा के निधन पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है।

64 वर्षीय पुरुषोत्तम असनोड़ा को बीते 12 अप्रैल को उनके गैरसैंण स्थित निवास में दिल का दौरा पड़ा था।  जिसके बाद उन्हें स्थानीय राजकीय चिकित्सालय में ले जाया गया। जहाँ उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह की मदद से उन्हें हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश लाया गया था। एम्स पहुँचने पर उनकी एंजियोग्राफी के बाद एंजियोप्लास्टी कर दो स्टंट डाले गए थे। ऑपरेशन के बाद चिकित्सकों ने उन्हें 48 घंटे की लिए गहन चिकित्सा देखरेख में रखा था। उनकी हालत में खासा सुधार भी हुआ था। परन्तु आज सायं करीब चार बजे दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। वे मासिक पत्रिका रीजनल रिपोर्टर के संपादक भी थे।