देहरादून : उत्तराखंड के वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी व शिक्षक नेता रहे केपी उनियाल का शनिवार सुबह निधन हो गया। 83 वर्षीय केपी उनियाल ने अपने चन्दर नगर, देहरादून स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर लक्खीबाग श्मशान घाट पर किया जायेगा।
उनके निधन पर राज्य आंदोलनकारियों सहित समाज के प्रबुद्धजनों ने शोक जताया है। केपी उनियाल ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वे उत्तराखंड संयुक्त संघर्ष समिति के संस्थापक सदस्य और उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ महामंत्री पद पर भी रहे। कुशल व्यवहार के कारण ही विभिन्न जिलों से राज्य आंदोलनकारी उनसे मिलने दून आते थे। चिह्नित राज्य आन्दोलनकरी के केंद्रीय मुख्य संरक्षक धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि केपी उनियाल के निधन से राज्य आंदोलनकारियों के लिए बड़ी क्षति है।