श्रीनगर: नेशनल राइफल एसोसिएशन द्वारा दिल्ली में आयोजित 68वीं नेशनल 10 मीटर पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता 2025 में श्रीनगर के दो होनहार निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल क्वालिफिकेशन हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

महिला वर्ग की 10 मीटर पिस्टल शूटिंग स्पर्धा में मंजरी नेगी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नेशनल क्वालिफाई किया, जबकि पुरुष वर्ग की 10 मीटर पिस्टल शूटिंग स्पर्धा में मुकदं पुरी ने भी अपनी सटीक निशानेबाजी से नेशनल क्वालिफिकेशन प्राप्त किया।

इन दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर श्रीनगर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। दोनों ही शूटर श्रीनगर स्थित हिल शूटिंग एकेडमी में नियमित रूप से प्रशिक्षण लेते हैं और कड़ी मेहनत के दम पर इस मुकाम तक पहुंचे हैं।

हिल शूटिंग एकेडमी श्रीनगर के कोच धीरेंद्र नेगी ने खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जताते हुए बताया कि मंजरी नेगी और मुकदं पुरी अब जनवरी माह में होने वाले टीम इंडिया के ट्रायल्स में हिस्सा लेंगे।