Snow fall in Uttarakhand:  उत्तराखंड के चारों धामों सहित कई पर्यटन स्थलों में आज लम्बे इंतजार के बाद बर्फबारी हुई। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री समेत हर्षिल, चकराता और टिहरी के सुरकंडा क्षेत्र में बर्फबारी होने से लोगों के चेहरे खिल उठे। चकराता और सुरकंडा में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। चकराता में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह सात बजे चकराता के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी शुरू हो गई जो दोपहर बाद तक रुक रुककर जारी रही।

केदारनाथ में दिनभर बर्फबारी होती रही, जिससे लगभग एक फीट बर्फ जम गई है। बीते चार माह में केदारनाथ में एक दिन में यह सबसे अधिक बर्फबारी है। पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के बाद मैदानी शहरों में तापमान में गिरावट दर्ज होने के बाद लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

आईएमडी की ओर से उत्तराखंड मौसम पूर्वानुमान में अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 01 फरवरी को भी पूरे प्रदेश में बारिश एवं पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट रखा है। बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में ठंड प्रकोप जारी है। इसके अगले दिन यानी दो फरवरी को मौसम साफ रहेगा। इसके बाद तीन फरवरी की रात मौसम एक बार फिर करवट लेगा और चार-पांच फरवरी को बारिश-बर्फबारी की संभावना है।

दिल्ली-NCR में बारिश से बढ़ी ठिठुरन

दिल्ली-एनसीआर में आज बारिश के कारण मौसम बदल गया। सुबह कोहरे के साथ हुई और फिर बादल छा गए। दिल्ली सहित आसपास के शहरों नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद जिलों में दोपहर से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई। शाम होते-होते बारिश की रफ्तार बढ़ गई। तेज हवा भी चलने के कारण ठिठुरन भी बढ़ गई है। साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो औसत अधिकतम तापमान से चार डिग्री कम दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री, जो औसत न्यूनतम तापमान से एक डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक ऐसे ही बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत में सक्रिय रहेगा। इसके अलावा हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहरों में बारिश की संभावना है।