श्रीनगर गढ़वाल: राजकीय बालिका इंटर कॉलेज किलकिलेश्वर (टिहरी गढ़वाल) की मेधावी छात्रा हिमानी को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार के डॉ अंबेडकर फाउंडेशन द्वारा राष्ट्रीय मेरिट अवार्ड में प्रथम स्थान के साथ 60 हजार के नगद पुरस्कार हेतु चुना गया है।
हिमानी को यह पुरस्कार माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तराखंड द्वारा आयोजित परिषदीय परीक्षा 2020 (कक्षा-12) में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु दिया जा रहा है। यह अवार्ड अनुसूचित जाति के मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए दिया जाता है।
राष्ट्रीय मेरिट अवार्ड हेतु छात्रा का चयन होने पर विद्यालय की प्रधानाचार्य डा. मीना सेमवाल सहित समस्त विद्यालय परिवार, विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षक अभिभावक संघ तथा क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए छात्रा को बधाई दी है।
साथ ही विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को हिमानी के परिश्रम से प्रेरणा लेने का संदेश भी दिया गया। हिमानी 12वीं पास करने के बाद हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय से बीए (BA) की पढ़ाई कर रही हैं। साथ में सिविल सर्विसेज यूपीएससी (UPSC) की तैयारी भी कर रही हैं। हिमानी ने अपनी इस उपलब्धि के लिए अपने परिजनों और गुरुजनों का मार्गदर्शन बताया।