bsnl-poor-service-parliament

पौड़ी गढ़वाल : गढ़वाल मंडल के दूरस्थ क्षेत्रों में बीएसएनएल की बदहाल इंटरनेट सेवा का मुद्दा आज लोकसभा में गूंजा। गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने सोमवार को लोकसभा में संसद के शून्य काल के दौरान अपने संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत जनपद चमोली व पौड़ी के दूरस्थ क्षेत्रों में बीएसएनएल की दूरसंचार व्यवस्था की असंतोषजनक स्थिति को सुदृढ़ करने के सबन्ध में प्रश्न उठाते हुए कहा कि जनपद चमोली व पौड़ी के दूरस्थ क्षेत्रों में बीएसएनएल की इंटरनेट सेवा बदहाल हो चुकी है। उन्होंने केंद्रीय दूरसंचार मंत्री से गढ़वाल क्षेत्र में इंटरनेट सेवा दुरुस्त किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पहाड़ के ज्यादातर क्षेत्रों इंटरनेट सेवा खराब होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।

सोमवार को गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने लोकसभा में बीएसएनएल की खराब इंटरनेट सेवा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र में बीएसएनएल की इंटरनेट सेवा पूर्ण रुप से असंतोषजनक व खराब है। क्षेत्रीय जनता दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से बैंक, पोस्ट ऑफिस व विकास खंड मुख्यालयों में आते हैं, लेकिन उन्हें नेट नहीं है कहकर भगा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि जनपद चमोली के थराली, देवाल, नारायणबगड़ में पोस्ट ऑफिस बंद पड़े हैं। सांसद ने कहा कि चमोली जिले के ग्राम कफोली, रुईसांण, घेस, कनोल, सुतोल, गैरी, कांडाई, भेरणी आदि स्थलों पर आज तक दूरसंचार की कोई व्यवस्था नहीं है। गढ़वाल सांसद ने कहा कि जनपद पौड़ी के रिखणीखाल, धुमाकोट, जयहरीखाल, पोखड़ा, बीरोंखाल, थलीसैण, खिर्सू सहित पूरे क्षेत्र में दूरसंचार व्यवस्था खस्ताहाल पड़ी है। उन्होंने केंद्र सरकार व केंद्रीय दूरसंचार मंत्री से क्षेत्र में इंटरनेट सेवा दुरुस्त किए जाने की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि वैश्विक महामारी कोरोना के चलते स्कूल/कॉलेज बंद पड़े हैं। और बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से कराई जा रही है। ऐसे में बीएसएनएल की बदहाल इंटरनेट सेवा का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है।