श्रीनगर गढ़वाल: विद्यालय प्रबंधन समिति विकास समिति, राजकीय विद्यालय चमराडा में द्वितीय एवं तृतीय चरण के प्रशिक्षण का सफल समापन हुआ। यह प्रशिक्षण राजकीय इंटर कॉलेज खंडाह के प्रधानाचार्य विक्रम सिंह नेगी के दिशा-निर्देशन में सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण में नोडल अधिकारी विक्रम सिंह नेगी द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जबकि शिक्षा समन्वयक संजय नौडियाल ने संदर्भदाता की भूमिका निभाई।
प्रशिक्षण के इस चरण में 50 से अधिक विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्षों एवं सदस्यों ने प्रतिभाग किया। समापन अवसर पर गढ़वाल मंडलीय नशा उन्मूलन नोडल अधिकारी डॉ. अखिलेश चंद्र चमोला ने नशा उन्मूलन विषय पर विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि नशा समाज को धीरे-धीरे खोखला कर रहा है। यह एक गंभीर सामाजिक बीमारी है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचाती है और अंततः वह अपने परिवार, समाज व देश पर बोझ बन जाता है।
डॉ. चमोला ने नशे के कारणों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आर्थिक समस्याएं, सामाजिक दबाव, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति अज्ञानता तथा पारिवारिक समस्याएं नशे की ओर ले जाने वाले प्रमुख कारण हैं। उन्होंने बताया कि नशीले पदार्थों के सेवन से शरीर कमजोर हो जाता है, मानसिक संतुलन बिगड़ता है और समाज में व्यक्ति की प्रतिष्ठा समाप्त हो जाती है।
उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे लिवर एवं हृदय संबंधी रोग, अवसाद, चिंता तथा सामाजिक अलगाव जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। नशा उन्मूलन के उपायों पर चर्चा करते हुए उन्होंने जागरूकता, शिक्षा, पारिवारिक सहयोग एवं सामाजिक समर्थन को अत्यंत आवश्यक बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य विक्रम सिंह नेगी ने डॉ. अखिलेश चंद्र चमोला के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे अत्यंत सरल एवं प्रभावी ढंग से समाज को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। यह अभियान समाज में सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होगा।
इस अवसर पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय चंडीगांव, सुमाड़ी, खंडाह, ढामकेश्वर, कमैड़ा, चमराडा सहित अन्य विद्यालयों के प्रबंधन समिति अध्यक्ष एवं सदस्य उपस्थित रहे।



