पौड़ी: पौड़ी जनपद के विकास खंड कल्जीखाल में भालू एवं गुलदार की लगातार सक्रियता के कारण बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डांगी को अस्थायी रूप से पंचायत भवन में स्थानांतरित कर दिया गया है। शनिवार को अभिभावक शिक्षक संघ (PTA) तथा विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) की सहमति के बाद यह निर्णय लागू किया गया।

बीते कई दिनों से विद्यालय आने-जाने के दौरान छात्रों और छात्राओं में जंगली जानवरों का भय व्याप्त था, जिसके कारण बच्चे कई बार विद्यालय नहीं पहुंच पा रहे थे। क्षेत्र में भालू और गुलदार की बेख़ौफ़ आवाजाही को देखते हुए 29 नवंबर को अभिभावक-शिक्षक संघ की बैठक बुलाई गई। बैठक में बोर्ड परीक्षाओं तक विद्यालय को सुरक्षित स्थान (पंचायत भवन) में संचालित करने का निर्णय लिया गया।

शनिवार को पीटीए अध्यक्ष दिनेश सिंह, एसएमसी अध्यक्ष भगवान सिंह चौहान, सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी, सुरेंद्र सिंह व रोशनी देवी की उपस्थिति में विद्यालय को औपचारिक रूप से पंचायत भवन में स्थानांतरित किया गया।

प्रभारी प्रधानाचार्य श्रीमती नीलम रावत ने कहा, “विद्यालय छोड़ना घर छोड़ने जैसा होता है, लेकिन बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसी कारण यह निर्णय लिया गया।” उन्होंने ग्राम पंचायत डांगी के ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत भवन को साफ-सुथरा और पूरी तरह व्यवस्थित कर विद्यालय को सौंपा गया है। इस दौरान शिक्षिका शीतल भट्ट सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।