सतपुली: नयारघाटी सतपुली नगर पंचायत का दसवां पंचायत महोत्सव पूर्व वर्षों की तुलना में विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। महोत्सव के सातवें दिन शनिवार को आयोजित सांस्कृतिक संध्या पूरी तरह नयारघाटी सतपुली एवं आसपास की महिला मंगल दलों के नाम रही। महिला मंगल दलों की पारंपरिक लोक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
सातवें दिन के कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत सतपुली को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
नगर पंचायत महोत्सव के संयोजक एवं पूर्व प्रधान जगदंबा प्रसाद डंगवाल ने बताया कि पूर्व में ग्राम पंचायत महोत्सव के दौरान सूर्यकांत धस्माना ने मंच से तत्कालीन मुख्यमंत्री से सतपुली को नगर पंचायत का दर्जा देने की घोषणा करवाई थी। इसी कारण वे प्रत्येक वर्ष नगर पंचायत महोत्सव में सहभागिता कर आयोजकों का उत्साहवर्धन करते रहे हैं।
मुख्य अतिथि सूर्यकांत धस्माना ने अपने संबोधन में कहा कि ग्राम पंचायत से नगर पंचायत बनने के बाद सतपुली के विकास को नई दिशा मिली है और विकास कार्य निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान एवं सभी पार्षदों को इस विकास यात्रा के लिए बधाई दी। साथ ही उन्होंने कहा कि विगत एक दशक से कुंज नयारघाटी सामाजिक संस्था सतपुली द्वारा उत्तराखंड के प्रसिद्ध कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उनकी कला को निखारने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नयारघाटी पंचायत महोत्सव ऐसा मंच बन चुका है, जो पहाड़ की स्थानीय और प्रवासी युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध लोक संस्कृति से जोड़ने का कार्य कर रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से यह महोत्सव देश-विदेश में बसे उत्तराखंडियों के बीच भी लोकप्रिय हो चुका है।
नगर पंचायत बनने के बाद पहली बार नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में आयोजित आठ दिवसीय नगर पंचायत सतपुली महोत्सव को भव्य और सफल आयोजन बताया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष ने सभी पार्षदों, नगर पंचायत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्रीय जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया।
महोत्सव के सह- संयोजक जगदंबा प्रसाद डंगवाल ने आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों एवं ब्लॉगर्स का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
महोत्सव के अंतिम दिवस विदेशी युवतियों की उपस्थिति भी आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने मंच पर गढ़वाली गीतों पर लोक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का संचालन नरेश सुंदरियाल ने किया।
इस अवसर पर कुसुम खंतवाल, मीनू डंगवाल, नीलम चौहान, निकिता चौहान, संजय कुकरेती, कृष्णा बोठियाल, पुष्पेंद्र राणा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


