Kisan-Samman-Nidhi-cm-trivendra

देहरादून : उत्तराखंड में शनिवार को अचानक नेतृत्व परिवर्तन को लेकर लग रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। BJP कोर कमेटी की मीटिंग खत्म होने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों को खारिज किया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं है। विधायकों के बीच किसी तरह का कोई मनमुटाव नहीं है। उन्होंने कहा कि कोर ग्रुप बैठक में सरकार के 4 साल पूरे होने के कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई।

इससे पहले आज उत्तराखंड की राजनीति में अचानक हलचल पैदा हो गई थी। शनिवार को बीजापुर गेस्ट हाउस में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक हुई। जिसमें मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पर्यवेक्षक रमन सिंह, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, महामंत्री संगठन अजय कुमार और कबीना मंत्री धन सिंह रावत मौजूद रहे। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में चल रहे विधानसभा सत्र से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सीधे यहां पहुंचे। बैठक के बाद वह मुख्यमंत्री आवास के लिए रवाना हो गए। इसके बाद बीजापुर गेस्‍ट हाउस में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा पहुंचे।