देहरादून : आज देवभूमि उत्तराखंड को नई सरकार मिलने जा रही है। इसके साथ पुष्कर सिंह धामी दोबारा राज्य की कमान संभालने जा रहे हैं। आज पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। परेड ग्राउंड में राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह (रि.) धामी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूद रहेंगे। राजधानी देहरादून में धामी के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर जबरदस्त हलचल है।

पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल में इस बार कौन-कौन नेता शामिल होंगे पूरी लिस्ट तैयार कर ली गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ आज 8 मंत्री शपथ लेंगे। इनमें सतपाल महाराज, धनसिंह रावत, प्रेमचंद अग्रवाल, सुबोध उनियाल, चंदन राम दास, सौरभ बहुगुणा, रेखा आर्य, गणेश जोशी शपथ के नाम शामिल हैं। यह भी खबर आई है कि इस बार किसी भी मंत्री को राज्य मंत्री या राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नहीं बनाया जा रहा है। सभी 8 मंत्री कैबिनेट मंत्री बनाए जा रहे हैं। पहली बार मंत्री बन रहे सौरभ बहुगुणा और चंदन रामदास भी कैबिनेट मंत्री बनाए जा रहे हैं। बाकी पुराने 5 मंत्री पहले से ही कैबिनेट मंत्री है। वहीं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल भी कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं। जबकि उत्तराखंड के इतिहास में पहली बार महिला स्पीकर बनाई जा रही हैं। रितु खंडूड़ी प्रदेश की पहली महिला स्पीकर बनेंगी।

समारोह को लेकर देहरादून को भाजपा ने झंडी, बैनर और पोस्टरों से सजा दिया है। ‌यह पहला मौका होगा जब भाजपा के इतनी बड़ी संख्या में दिग्गज शपथ ग्रहण समारोह में आ रहे हैं। आज दोपहर 2:30 बजे पुष्कर सिंह धामी राज्य के 12वें मुख्यमंत्री पद की परेड ग्राउंड में शपथ लेंगे। ‌इसी को लेकर धामी ने सुबह गढ़ी कैंट स्थित टपकेश्वर मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। धामी के शपथ ग्रहण समारोह को खास बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, समेत कई केंद्रीय मंत्री और बड़े नेता आ रहे हैं।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देहरादून पहुंच गए हैं।  बीजेपी के वरिष्ठ नेता बलजीत सोनी ने उनका जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर स्वागत किया। इसके अलावा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी उत्तराखंड पहुंच गई हैं। प्रधानमंत्री मोदी भी थोड़ी देर में उत्तराखंड पहुंचने वाले हैं साथ में गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी देहरादून पहुंचने वाले हैं। इसके साथ ही साधु संत और शहर के प्रबुद्ध जन, आम जनता समेत बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

पुष्‍कर सिंह धामी के नेतृत्‍व में भाजपा को चुनावों में प्रचंड बहुमत मिला। बता दें कि विधानसभा के लिए हुए चुनावों में भाजपा को 70 सीटों में से 47 सीटें मिलीं। वहीं कांग्रेस को 19 सीट, बसपा को दो सीट और दो सीट पर निर्दलीय प्रत्‍याशी विजयी रहे। दून के परेड ग्राउंड में होने वाले भव्य शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। भव्य कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था में करीब 20 हजार पुलिस बल तैनात हैं।