garhwatiger-kills-man-in-pauri-garhwall

Tiger Killed woman: पौड़ी गढ़वाल में बाघ, गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला  लैंसडाउन वन प्रभाग और कालागढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र का है। कालागढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र से सटे झर्त गांव में बाघ ने एक महिला को निवाला बनाया है। घटना आज शाम की है। महिला का शव झाड़ियों में क्षत विक्षत अवस्था में मिला है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम को झर्त गांव की विशम्बरी देवी घर के पास पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। इसी दौरान घात लगाये बैठे बाघ ने महिला पर अचानक हमला बोल दिया। घटना के बाद अंधेरा होने पर महिला की खोजबीन की गई। तब तक बाघ महिला को बुरी तरह से नोच चुका था। बाघ के हमले की सूचना आग की तरह फैल गई। जिससे पूरे इलाके में खौफ का माहौल हो गया है।

ग्रामीणों की सूचना पर अदनान रेंज के वन क्षेत्राधिकारी नवीन जोशी टीम के साथ मौके पर पहुंचे हैं। वन विभाग की टीम ने झर्त गांव में डेरा डाला है। महिला के क्षत विक्षत शव को वनकर्मियों ने अपने कब्जे में लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि बीते एक हफ्ते से धामधार क्षेत्र में बाघ की चहल कदमी देखी जा रही है। जिसकी सूचना वन विभाग को दी गई थी, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।