garhwatiger-kills-man-in-pauri-garhwall

पौड़ी : पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र में गुलदार के बाद अब बाघ का भी आतंक फैल गया है। कालागढ़ टाइगर रिजर्व वन प्रभाग क्षेत्र से सटे नैनीडांडा ब्लॉक के भैड़गांव (सिमली गांव) में बाघ ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक को निवाला बना दिया। मृतक की पहचान 72 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक रणवीर सिंह नेगी के रूप में हुई है। बुजुर्ग का अधखाया शव आज सुबह घर से करीब 100 मीटर दूर गदेरे में मिला। गांव कालागढ़ टाइगर रिजर्व वन प्रभाग से सटा हुआ है। गढ़वाल वन प्रभाग के दीवा रेंज अधिकारी महेंद्र सिंह रावत ने मामले पुष्टि की है।

जानकारी के मुताबिक 72 वर्षीय रणवीर सिंह इन दिनों गांव में अकेले थे। उनकी पत्नी बच्चों के पास देहरादून गई थी। रणवीर सिंह का मकान गांव में बिल्कुल सुनसान जगह पर है और आस-पास पूरा जंगल भी है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि रणवीर सिंह शनिवार रात शौच करने के लिए घर से बाहर निकले थे। तभी बाघ ने उन्हें अपना निवाला बना दिया। शव आज सुबह घर से करीब 100 मीटर नीचे गधेरे के पास झाड़ियों से बरामद हुआ।

गढवाल वन प्रभाग के अंतर्गत 4 दिनों में बाघ के हमले की यह दूसरी घटना है। इससे पहले इसी रेंज के तहत कालागढ़ टाइगर रिजर्व की सीमा से सटे डल्ला गांव में बीते गुरुवार को एक बुजुर्ग को भी बाघ ने मार दिया था। इस बार बाघ का यह हमला करीब 30 किलोमीटर दूर हुआ है। बाघ के एक के बाद एक हमले के बाद इन क्षेत्रों में ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। बीते चार दिन मे बाघ का यह दूसरा हमला हुआ है। ग्रामीणों ने बाघ को आदमखोर घोषित करने की मांग की है। मौके पर वन महकमे के साथ ही धुमाकोट पुलिस भी पहुंची। गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ स्पनिल अनिरुद्ध ने बाघ की हमले की पुष्टि की है।