देहरादून : गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत को उत्तराखंड की कमान सौंपी गई है। विधानमंडल दल की बैठक में राज्य के नए मुख्यमंत्री के लिए उनके नाम का एलान हुआ। आज देहरादून में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसके बाद तीरथ सिंह रावत को सर्वसम्मति से विधानमंडल दल का नेता चुना गया। तीरथ सिंह राष्ट्रीय महासचिव और पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से सांसद हैं। तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड के 10वें मुख्यमंत्री होंगे। आज शाम को 4:00 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा। उत्तराखंड के पौड़ी जिले ने राज्य को तीरथ सिंह रावत के रूप में पांचवा मुख्यमंत्री दिया है।

जैसे कि अक्सर होता है कि बीजेपी हाईकमान कुछ न कुछ सरप्राइज पैकेज तैयार रखती है। उत्तराखंड के मामले में भी यही हुआ। उत्तराखंड में नए मुख्यमंत्री को लेकर कल से आज सुबह सभी लोग धन सिंह रावत, अनिल बलूनी, अजय भट्ट तथा सतपाल महाराज के नामों का कयास लगा रहे थे। इस फेहरिस्त में तीरथ सिंह रावत का कहीं नाम नहीं था। परन्तु आज प्रदेश के 10वें मुख्यमंत्री का ताज तीरथ सिंह रावत के सर सजा हैं।

तीरथ सिंह रावत पौड़ी गढ़वाल की असवालस्यूं पट्टी के अंतर्गत ग्राम सीरौं के मूल निवासी हैं। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर से समाज शास्त्र में परास्नातक तीरथ सिंह रावत छात्र राजनीति से ही सक्रिय रहे। तीरथ राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय मंत्री रह चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद खंडूडी के सबसे करीबी लोगों में शामिल तीरथ सिंह को 2012 के विधानसभा में चुनाव में चौबट्टाखाल सीट से मैदान में उतारा गया, जहां उन्होंने जीत हासिल की। फरवरी 2013 में उन्हें पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई और 2015 में उन्हें प्रदेश की राजनीति से हटाकर राष्ट्रीय महासचिव का दायित्व दे दिया गया। तीरथ सिंह रावत 2000 में उत्तराखण्ड के प्रथम शिक्षा मंत्री चुने गए थे। इसके बाद 2007 में उत्तराखण्ड के प्रदेश महामंत्री चुने गए थे। यह उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं।

मुख्यमंत्री के लिए चुने जाने पर तीरथ सिंह रावत ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मैं केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद करना चाहूंगा जिन्होंने मुझे ये पदभार दिया। मैं गांव से आया हुआ एक छोटा सा कार्यकर्ता हूं, मैंने कभी कल्पना नहीं की थी। जनता के विश्वास पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे, मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश के लिए जो काम किए हैं उसे आगे बढ़ाएंगे.