Car Accident: उत्तराखंड में कीर्तिनगर तहसील क्षेत्र में सोमवार देर शाम दर्दनाक हादसा हो गया। कीर्तिनगर-बडियारगढ़ मोटरमार्ग पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 40 मीटर खाई में गिर गई। इस हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक मालगड्डी गांव के निवासी थे और बडियारगढ़ से अपने गांव लौट रहे थे।

जानकारी के मुताबिक आज देर शाम बडियारगढ़ मालगढी मल्ला से मालगढ़ी तल्ला की ओर आ रही एक कार अनियंत्रित होकर 40 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। कार में चालक समेत कुल चार लोग सवार थे। सूचना प्राप्त होते ही मौके पर पहुंचे तहसील प्रशासन व एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर दुर्घनाग्रस्त लोगों को बेस चिकित्सालय श्रीकोट पहुंचाया। जहां डाक्टरों की टीम ने चारों को मृत घोषित कर दिया। हादसा सोमवार शाम लगभग 6 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि ये सभी चंडीगढ़ से बडियारगढ़ में आयोजित एक धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने आए थे। चारों लोग कार्यक्रम के बाद मालगड्डी लौट रहे थे। तभी उनकी कार ढम्ट नामे तोक पर एक मकान की बाथरूम की छत के ऊपर से अनियंत्रित होकर लगभग 40 से 50 मीटर दूर खेतों में जा गिरी।

इस दुर्घटना में दर्शन सिंह (68) पुत्र हरि सिंह, धर्म सिंह असवाल (65) पुत्र पीतांबर असवाल, करण सिंह पंवार (65) पुत्र राम सिंह, राजेंद्र सिंह (65) पुत्र जीत सिंह सभी निवासी ग्राम दिगोली मालगढी पट्टी बड़ियारगढ़ तहसील कीर्तिनगर की जान चली गई। तहसीलदार कीर्तिनगर प्रदीप कंडारी ने बताया कि दुर्घटना गांव के ही पास हुई है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।