Tribute paid to martyred police personnel

पुलिस लाइन पौड़ी में ’पुलिस स्मृति दिवस’ के उपलक्ष में सोमवार को पुलिस के वीर शहीदों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह सहित सम्पूर्ण पुलिस परिवार द्वारा श्रद्धांजलि दी गई। यह स्मृति दिवस उन पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की याद में मनाया जाता है, जिन्होंने अपने कर्तव्य पथ पर चलते हुए अपने देश और तिरंगे की आन, बान और शान तथा संविधान द्वारा निर्मित किए गए कानूनों की रक्षा करने हेतु अपने प्राणों का सर्वस्व बलिदान कर दिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 01 सितम्बर 2023 से 31 अगस्त 2024 तक विभिन्न प्रदेशों के पुलिस व अर्धसैनिक बलों के कुल 216 जवानों जिनमें उत्तराखण्ड के 04 पुलिस कार्मिक शामिल हैं, को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गयी। साथ ही बालाघाट (मध्यप्रदेश) में नक्सलविरोधी अभियान में अपने प्राणों की आहुति देने वाले पौड़ी गढ़वाल की मनियारस्यूं पट्टी ग्राम सुरमाडी के शहीद स्व. प्रेम सिंह रावत की पत्नी श्रीमती कान्ता देवी को पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह द्वारा सम्मानित किया गया।

जनपद के समस्त थानों द्वारा भी ’पुलिस स्मृति दिवस’ के उपलक्ष में वीर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। शहीद प्रेम सिंह रावत की पत्नी के साथ ग्राम पंचायत प्रधान प्रतिनिधि  एवं समाजिक कार्यकर्ता अशोक रावत भी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह द्वारा पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों की मौजूदगी में श्रीमती कांता देवी को अंग वस्त्र ओढ़कर सम्मानित करने पर क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी जगमोहन डांगी,पूर्व प्रमुख एवं क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी सुरेंद्र सिंह नेगी विधायक राजकुमार पोरी के जन संपर्क अधिकारी सुभाष रावत आदि ने पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त किया।