पौड़ी: पूर्व सैनिक संगठन द्वारा सोमवार को कंडोलिया स्थित सीडीएस पार्क में भारत के पहले प्रमुख रक्षा (CDS) जनरल बिपिन रावत के श्रद्धांजलि दिवस को शहीद श्रद्धांजलि समारोह के रूप में मनाया गया। इस मौके पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में वीर नारियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक राजकुमार पोरी ने किया। उन्होंने कहा कि जनरल बिपिन रावत ने अपने सैन्य जीवन में सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा और देश की सुरक्षा के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने युवाओं से जनरल बिपिन रावत के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की।
इस दौरान समारोह में किसी भी जिलास्तरीय अधिकारियों के नहीं आने पर संगठन ने नाराजगी जताई। संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा ने कहा कि शहीदों के सम्मान से जुड़े कार्यक्रम में जिला अधिकारियों का न पहुंचना निराशाजनक है।
कार्यक्रम में अतिविशिष्ट अतिथि कर्नल कुलदीप सिरोही, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर करन रावत, पूर्व पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम, कर्नल आर.एस. रावत, नंद किशोर समेत अनेक पूर्व सैनिक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जगमोहन डांगी



