Uniform timetable for all government and private schools in Uttarakhand

SCHOOL TIMETABLE in Uttarakhand: उत्तराखंड में सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों का समय बदल दिया गया है। राज्य सरकार ने प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के लिए एक समान समय सारणी लागू करने का निर्णय लिया है। शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, अब स्कूलों के खुलने और बंद होने का समय ही नहीं बल्कि प्रार्थना सभा और सभी पीरियड की अवधि भी तय कर दी गई है। शिक्षा सचिव रविनाथ रमन की ओर से जारी आदेश के तहत यह नई व्यवस्था पूरे प्रदेश में लागू होगी और सभी स्कूलों को इसका पालन करना अनिवार्य होगा।

शिक्षा सचिव रविनाथ रामन ने जारी शासनादेश के अनुसार स्कूलों के लिए ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन दो अलग-अलग समय सारणी निर्धारित की गई है। ग्रीष्मकालीन समय सारणी 1 अप्रैल से 30 सितंबर तक लागू रहेगी, जबकि शीतकालीन समय सारणी 1 अक्टूबर से 31 मार्च तक प्रभावी होगी। गर्मियों में सभी स्कूल सुबह पौने आठ बजे खुलेंगे और छुट्टी दोपहर दो बजकर पांच मिनट पर होगी। जबकि सर्दियों में स्कूल आठ बजकर 50 मिनट पर खुलेंगे और छुट्टी 3.10 बजे होगी।

ग्रीष्मकालीन समय सारणी के अनुसार, स्कूलों में प्रार्थना सभा सुबह 7 बजकर 45 मिनट से 8 बजकर 5 मिनट तक होगी। जिसकी अवधि 20 मिनट निर्धारित की गई है। इसके बाद पहला पीरियड सुबह 8 बजकर 5 मिनट से 8 बजकर 45 मिनट तक चलेगा। दूसरा पीरियड सुबह 8 बजकर 45 मिनट से 9 बजकर 25 मिनट तक होगा। तीसरा पीरियड 9 बजकर 25 मिनट से 10 बजकर 5 मिनट तक निर्धारित किया गया है।

इसके बाद चौथा पीरियड सुबह 10 बजकर 5 मिनट से 10 बजकर 45 मिनट तक चलेगा। इसके बाद मध्यांतर का समय रखा गया है, जो सुबह 10 बजकर 45 मिनट से 11 बजकर 25 मिनट तक रहेगा। मध्यांतर के बाद पांचवां पीरियड 11 बजकर 25 मिनट से 12 बजकर 5 मिनट तक निर्धारित किया गया है। छठा पीरियड 12 बजकर 5 मिनट से 12 बजकर 45 मिनट तक चलेगा। सातवां पीरियड 12 बजकर 45 मिनट से दोपहर 1 बजकर 25 मिनट तक होगा। इसके बाद आठवां और अंतिम पीरियड दोपहर 1 बजकर 25 मिनट से 2 बजकर 5 मिनट तक संचालित किया जाएगा।

शीतकालीन समय सारणी में स्कूलों की टाइमिंग कुछ देर से शुरू होगी। इसके अनुसार प्रार्थना सभा सुबह 8 बजकर 50 मिनट से 9 बजकर 10 मिनट तक आयोजित की जाएगी। इसके बाद पहला पीरियड सुबह 9 बजकर 10 मिनट से 9 बजकर 50 मिनट तक चलेगा। दूसरा पीरियड 9 बजकर 50 मिनट से 10 बजकर 30 मिनट तक निर्धारित किया गया है। तीसरा पीरियड सुबह 10 बजकर 30 मिनट से 11 बजकर 10 मिनट तक होगा। चौथा पीरियड सुबह 11 बजकर 10 मिनट से 11 बजकर 50 मिनट तक संचालित किया जाएगा। इसके बाद मध्यांतर का समय सुबह 11 बजकर 50 मिनट से दोपहर 12 बजकर 30 मिनट तक रहेगा। मध्यांतर के बाद पांचवां पीरियड दोपहर 12 बजकर 30 मिनट से 1 बजकर 10 मिनट तक निर्धारित किया गया है। छठा पीरियड दोपहर 1 बजकर 10 मिनट से 1 बजकर 50 मिनट तक चलेगा। सातवां पीरियड दोपहर 1 बजकर 50 मिनट से 2 बजकर 30 मिनट तक और आठवां तथा अंतिम पीरियड 2 बजकर 30 मिनट से 3 बजकर 10 मिनट तक संचालित किया जाएगा।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी पीरियड की अवधि 40 मिनट तय की गई है और सभी स्कूलों को इसी व्यवस्था के अनुसार कक्षाएं संचालित करनी होंगी। सरकार का मानना है कि इससे पूरे प्रदेश में पढ़ाई का एक समान ढांचा तैयार होगा और छात्रों को व्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

शिक्षा विभाग का कहना है कि इस आदेश का उद्देश्य स्कूलों की मनमानी पर रोक लगाना और शिक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित बनाना है। यदि पूरे प्रदेश में एक समान समय सारणी लागू होती है तो इससे छात्रों की पढ़ाई में निरंतरता आएगी और शैक्षणिक गुणवत्ता भी बेहतर होगी।