कोटद्वार: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्तराखंड के कोटद्वार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार स्थित सिद्धबली बाबा मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और जनता की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर पहुंचने पर लैंसडौन विधायक एवं सिद्धबली धाम के महंत दिलीप रावत सहित मंदिर समिति के सदस्यों ने उनका परंपरागत स्वागत किया। इन दिनों सिद्धबली बाबा का तीन दिवसीय वार्षिक अनुष्ठान चल रहा था, जिसके चलते मंदिर समिति ने सीएम को विशेष रूप से दर्शन हेतु आमंत्रित किया था।

दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी अपने दिवंगत जीजा ओम प्रकाश सिंह रावत को श्रद्धांजलि देने के लिए सिद्धबली रोड स्थित गाड़ी घाट पर उनके आवास पहुंचे। दिवंगत ओम प्रकाश रावत, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बड़ी बहन कौशल्या रावत के पति थे। मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर दुख साझा किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ का यह दौरा पूरी तरह निजी और पारिवारिक शोक से जुड़ा था। बीते दिनों कोटद्वार के गाड़ीघाट क्षेत्र में रहने वाले सीएम योगी आदित्यनाथ के बहनोई का निधन हो गया था। इसलिए इस दौरान परिवार के अलावा किसी भी व्यक्ति से मुलाकात या जनसभा का कोई कार्यक्रम निर्धारित नहीं था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस को पहले ही अलर्ट पर रखा गया था। करीब आधे घंटे के संक्षिप्त प्रवास के बाद मुख्यमंत्री योगी शाम लगभग 4 बजे हेलीकॉप्टर से कोटद्वार से सहारनपुर के लिए रवाना हुए।

योगी आदित्यनाथ का मूल नाम अजय सिंह बिष्ट है और वे पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के पंचूर गांव के मूल निवासी हैं। हालांकि, 1994 में उन्होंने संन्यास धारण किया। उनके पिता दिवंगत आनंद सिंह बिष्ट फॉरेस्ट रेंजर थे। योगी आदित्यनाथ अपने 7 भाई-बहनों में 5वें स्थान पर हैं। उनसे बड़े उनकी 3 बड़ी बहनें और एक भाई हैं। जबकि उनसे छोटे दो भाई हैं। देश के सबसे बड़े राज्य के मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वे अपने घर के पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल होने कई बार पंचूर गांव पहुंचे हैं।