उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत मिलने के बावजूद भी अभी तक मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सस्पेंस बरकरार है। इसी के तहत आज दिल्‍ली में गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर उत्तराखंड के भाजपा नेताओं की अहम बैठक हुई। बैठक में किसके नाम पर सहमति बनी इस पर अभी कोई नेता जवाब देने से बच रहे हैं।

गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक संपन्न होने के बाद सभी नेता पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के आवास पर पहुंचे। यहां भी उत्तराखंड के मौजूदा राजनीतिक हालातों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद सभी नेता निकल गए, परन्तु पुष्‍कर सिंह धामी और निशंक के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। निशंक के घर से निकलने के पुष्‍कर सिंह धामी ने कहा कि विधायक दल के नेता का चयन सोमवार को देहरादून में होने वाली विधायक दल की बैठक में होगा।

वहीँ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि सोमवार सुबह 11 बजे राजभवन में राज्यपाल लेज गुरमीत सिंह (सेनि) प्रोटेम स्पीकर बंशीधर भगत को शपथ दिलाएंगे। जिसके बाद प्रोटेम स्‍पीकर सभी नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे।

बता दें कि शनिवार को केंद्रीय नेतृत्व के बुलावे पर कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक दिल्ली पहुंचे थे। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत व सतपाल महाराज पहले से ही दिल्ली में मौजूद थे। इसके साथ ही सांसद रमेश पोखरियाल निशंक और अजय भट्ट भी बैठक में शामिल रहे।

कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चर्चाओं में सबसे आगे हैं। उनके अलावा विधायकों में सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत और ऋतु खंडूड़ी, सुबोध उनियाल तथा रमेश पोखरियाल निशंक, अनिल बलूनी, अजय भट्ट तथा पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के नाम की भी चर्चा है। इसके अलावा एक नाम लैंसडौन के विधायक दिलीप सिंह रावत का भी चर्चाओं में शामिल हुआ है।