satpal-maharaj-corona-positive

देहरादून : उत्तराखंड में कोरोना वायरस सत्ता के गलियारों तक पहुँच गया है। आज उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज समेत 22 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे पहले शनिवार को सतपाल महाराज की पत्नी अमृता रावत कोरोना पॉजिटिव निकली थी। जिसके बाद शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सतपाल महाराज और उनके पूरे परिवार का सैंपल लिया था। घर में काम करने वाले लोगों के भी सैंपल लिए गए थे।

रविवार को मिली रिपोर्ट में सतपाल महाराज, उनके एक बेटे, पोते और बहुओं में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। एक बेटे की रिपोर्ट पर संशय होने पर सैंपल दोबारा लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सतपाल महाराज सहित 41 लोगों के सैंपल लिए थे, जिसमें 35 स्टाफ के लोग भी शामिल हैं। आज 22 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिनमे से 17 कर्मचारी भी शामिल हैं। जबकि 12 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। वहीँ पांच की जांच दोबारा की जाएगी। जिसके बाद अब उत्तराखंड कैबिनेट के पूरे मंत्रिमंडल पर कोरोना का संकट पैदा हो गया है. क्योकि शुक्रवार को हुई प्रदेश कैबिनेट बैठक में सतपाल महाराज भी मौजूद थे। शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में महाराज की अन्य मंत्रियों और अधिकारियों से मुलाकात हुई थी।