देहरादून: पदोन्नति में आरक्षण के खिलाफ बृहस्पतिवार को प्रदेश के सभी जनपदों से बड़ी संख्या में आये कर्मचारियों का राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में जनसैलाब उमड़ पड़ा. उत्तराखंड जनरल ओबीसी कर्मचारी एसोसिएशन के बैनर तले पूर्व निर्धारित महारैली में सचिवालय समेत पौड़ी, टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, पिथोरागढ़ सहित प्रदेश के सभी जिलों से आए हजारों कर्मचारियों ने प्रमोशन में आरक्षण के खिलाफ तथा प्रमोशन पर लगी रोक हटाने की मांग को लेकर परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद भी प्रमोशन से रोक न हटाए जाने से बेहद नाराज कर्मचारियों ने महारैली के दौरान राज्य सरकार तथा केंद्रीय मंत्री रामबिलास पासवान के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए केंद्रीय मंत्री रामबिलास पासवान का पुतला भी फूंका।
वहीँ मुख्यमंत्री आवास की ओर रवाना होने के दौरान रूट बदले जाने तथा हाथीबड़कला में बैरिकेडिंग पर रोके जाने से भड़के प्रदर्शनकारी कर्मचारियों की पुलिस से कहासुनी और धक्का-मुक्की भी हुई। जिसके बाद कर्मचारी वहीं धरने पर बैठ गए और करीब शाम चार बजे तक जमे रहे। इस दौरान कर्मचारियों ने दो मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के साथ ही पांच मार्च से आवश्यक सेवाएं तक ठप करने की चेतावनी दी है। उत्तराखंड जनरल ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक जोशी ने बताया कि 26 फरवरी को सभी कर्मचारी जिला मुख्यालयों पर मशाल जुलूस निकालेंगे। उन्होंने बताया कि आज महा रैली में पहुंचे कर्मचारियों की आमसभा में फैसला लिया गया है कि जनरल ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन सरकार को नोटिस भेजेगी कि एक मार्च तक आरक्षण मुक्त पदोन्नति का शासनादेश जारी किया जाए और विधानसभा सत्र में अध्यादेश लाकर पदोन्नति में आरक्षण समाप्त करने का कानून बनाया जाए। ऐसा न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू हो जाएगी।