Uttarakhand Police Recruitment: उत्तराखंड पुलिस में भर्ती की चाह रखने वाले बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड पुलिस में आरक्षी (कांस्टेबल) के 1521 रिक्त पदों तथा उपनिरीक्षक (दरोगा) के 197 रिक्त पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही शासन ने उत्तराखंड पुलिस भर्ती की विज्ञप्ति जारी करने के तत्काल आदेश उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को दे दिए हैं। जल्द ही इन पदों की विज्ञप्ति जारी कर दी जाएगी। करीब सात साल से उत्तराखंड में पुलिस भर्ती नहीं हुई है। बता दें कि पुलिस विभाग की ओर से कांस्टेबल भर्ती और दारोगाओं की सीधी भर्ती के लिए सितंबर महीने में अधियाचन भेजा गया था।
सचिव डा. रंजीत कुमार सिन्हा की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि उत्तराखण्ड पुलिस के 1521 आरक्षी (कांस्टेबल) पदों और 197 उपनिरीक्षक पदों पर भर्ती का निर्णय शासन ने लिया है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को इन पदों की भर्ती परीक्षा की विज्ञप्ति जारी करने और परीक्षा कार्यक्रम जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। बताते चलें कि हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ’देवभूमि बेरोजगार मंच’ के तहत रोजगार के लिए प्रदर्शन कर रहे युवाओं को आश्वासन दिया था कि अति शीघ्र पुलिस विभाग में भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बीते 17 दिसंबर को बेरोजगार युवाओं ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया था। इस दौरान अधिकारियों के जरिए हुए वार्ता में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दो दिन के भीतर पुलिस भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया था, जो आज पूरा हो चुका है।