पौड़ी गढ़वाल: पौड़ी गढ़वाल जनपद के विकासखंड कल्जीखाल के अंतर्गत पट्टी असवालस्यूं के ग्राम भेटी की मूल निवासी प्रतिभाशाली कराटे खिलाड़ी वंशिका शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।
वंशिका ने जापान के चिबा शहर में आयोजित 8वीं कराटे-डो ग्लोबल चैंपियनशिप (अगस्त 2025) में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुमीते शैली के 40 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया।
11 वर्षीय वंशिका ने प्रतियोगिता में उम्दा प्रदर्शन करते हुए जापान, हंगरी और इंग्लैंड की खिलाड़ियों को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में उनका सामना दक्षिण अफ्रीका की खिलाड़ी से हुआ, जहाँ कड़े संघर्ष के बाद वह उपविजेता रहीं।
गौरतलब है कि वंशिका का परिवार वर्तमान में दक्षिण अफ्रीका में निवास करता है। इससे पूर्व भी वंशिका कराटे की काटा और कुमीते दोनों शैलियों में दक्षिण अफ्रीका का प्रतिनिधित्व करते हुए 14 पदक जीत चुकी हैं।
वंशिका की इस शानदार उपलब्धि पर उनके दादा विजय प्रकाश शर्मा सहित समूचे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। स्थानीय जनों ने वंशिका की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।