car-accident-in-satpuli-baijro-road

सतपुली : चौबटृटाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सतपुली बैजरो मोटर मार्ग पर एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार एक ग्राम प्रधान समेत एक ही गांव के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार हेतु कोटद्वार भेजा गया है। तहसीलदार राजस्व उपनिरीक्षक कांता प्रसाद के अनुसार मंगलवार सायं 9 बजे के आस पास पोखड़ा से बैजरो की ओर जा रही एक कार UK15B/8346 पोखड़ा, बैज़रो मोटरमार्ग पर मटगलधार नामक स्थान पर अचानक अनियंत्रित 100 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना की खबर लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुँचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

दुर्घटना में पोखड़ा विकासखंड की बगड़ीगाड़ ग्राम पंचायत के प्रधान प्रीतम सिंह (48) पुत्र महिपाल सिंह और अनूप सिंह (47) पुत्र शिवचरण की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कृपाल सिंह (65) पुत्र ध्यान सिंह और प्रेमसिंह (67) पुत्र कुंदन सिंह गंभीर रुप से घायल हो गए। घायल कृपाल सिंह ने हायर सेंटर ले जाते समय सतपुली के पास दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को खाई से निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोखड़ा पंहुचाया। क्षेत्रीय विधायक एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने दुर्घटना पर गहरा शोक जताते हुए मृतकों का पोस्टमार्टम पोखड़ा में ही करने के निर्देश दिए। जिसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पोखड़ा में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए। गांव के पैतृक घाट पर गमगीन माहौल में तीनों मृतकों का एक साथ अंत्येष्टि की गई।