पौड़ी गढ़वाल : राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाकों में बीते दिनों हुई हिंसा में पौड़ी गढ़वाल के तहसील चाकीसैंण के ग्राम रोखड़ा के 19 वर्षीय युवक दलवीर सिंह की दर्दनाक मौत से क्षुब्ध स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने शनिवार को चाकीसैंण बाजार में मौन जुलूस निकाला। इस दौरान शनिवार को 12 बजे तक बाजार बंद रखा गया. मौन जुलूस में यूकेडी ने भी हिस्सा लिया और राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजते हुए घटना की निंदा की। रैली के दौरान प्रशासन के माध्यम से मृतक के परिवार को समुचित मुआवजा देने की मांग रखी गई है।
बतादें कि बीते दिनों उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा में पौड़ी जनपद के पैठाणी तहसील के अंतर्गत ढाईज्यूली पट़्टी स्थित रोखड़ा गांव के रहने वाले 20 वर्षीय दलबीर सिंह की मौत हो गई थी। दिलबर सिंह पिछले डेढ़ वर्ष से दिल्ली के शहादरा इलाके में एक बेकरी में काम करता था। जिस गोदाम में दिलबर सो रहा था, उस पर दंगाइयों ने आग लगा दी थी। दलबीर की मौत की सूचना 26 फरवरी को पड़ोसी गांव ईणा के उसके साथी श्याम सिंह ने दी। जबकि इन दंगों में श्याम सिंह भी बुरी तरह घायल हो गया था, जिसका इलाज दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में चल रहा है. श्याम सिंह और दलबीर सिंह साथ रहते थे।
प्रदर्शन करने वालों में व्यापार संघ अध्यक्ष मोहित मंमगाई, दौलत राम, मुरारी नौडियाल, मनवर चैहान, महावीर भंडारी, भीम सिंह, चक्रधर, भरत गुंसाई, जीतराम पोखरियाल, गोविंद सिंह, शेखर नेगी, शिव सिंह कंडारी, महावीर नेगी, कमलेश पंत, अवतार सिंह, बुद्धि सिंह, शेखर सिंह रणजीत नेगी, जसबीर सिंह, पवन, विनोद चैहान आदि शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत युवक के परिजनों को दी 5 लाख रूपये की आर्थिक सहायता की स्वीकृति
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने जनपद पौड़ी के तहसील चाकीसैंण के ग्राम रोखड़ा निवासी स्व. दलवीर सिंह के परिजनों को 5 लाख रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की स्वीकृति दी हैं।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने दिल्ली के दंगो में हुई दलवीर सिंह की आकस्मिक मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने मृत आत्मा की शान्ति तथा उनके शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। मुख्यमंत्री दलवीर सिंह के परिजनों की कमजोर आर्थिक स्थिति के दृष्टिगत रूपये 5 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।
यह भी पढ़ें:
दिल्ली हिंसा में पौड़ी के एक युवक के मौत की खबर, दूसरा अस्पताल में भर्ती