पौड़ी: विकासखंड कल्जीखाल के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंडियाल के सानिध्य में शनिवार को सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर “स्वस्थ जीवन, खुशहाल जीवन” अभियान के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।

शिविर में ग्रामीणों के लिए सामान्य स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, लैब परीक्षण, चेस्ट एक्स-रे तथा एएनसी (गर्भवती महिलाओं) जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। निर्धारित समय तक कुल 60 सामान्य जांच, 40 लैब टेस्ट प्रशिक्षण तथा 18 चेस्ट एक्स-रे किए गए, जिनका लाभ क्षेत्र के ग्रामीणों ने उठाया।

यह स्वास्थ्य शिविर डॉ. मीनाक्षी वर्मा, प्रभारी सीएचसी घंडियाल के नेतृत्व में संपन्न हुआ। शिविर में डॉ. शुभम, सीएचओ अरुण कुमार, दीपक बिष्ट (टीबी यूनिट), अमित बलूनी (लैब टेक्नीशियन), एक्स-रे टेक्नीशियन राहुल नेगी, एएनएम सुनीता गुसाईं सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने सेवाएं प्रदान कीं। आशा कार्यकर्ता संजू रावत सहित क्षेत्र की अन्य आशा कार्यकत्रियों की भी सक्रिय भागीदारी रही।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सामाजिक एवं विधिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी तथा सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य संदीप रावत का विशेष सहयोग रहा। ग्रामीणों ने ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की मांग करते हुए स्वास्थ्य विभाग के इस प्रयास की सराहना की।

रिपोर्ट जगमोहन डांगी।