kaljikhal-proposed-degree-college

कल्जीखाल : पौड़ी गढ़वाल के अंतर्गत ब्लॉक मुख्यालय कल्जीखाल में नवसृजित महाविद्यालय के भवन निर्माण हेतु ग्राम दिवई पटवालस्यूं के ग्रामवासियों ने गांव की सम्मिलित भूमि देने का फैसला लिया है। इस संबंध में ग्राम प्रधान दिवई अनीता देवी पटवाल की अध्यक्षता में प्रस्ताव पास करने के बाद समस्त ग्रामवासियों की ओर से क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षरित एक पत्र जिलाधिकारी को भेजा गया है।

पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी से आग्रह किया गया है कि ग्रामसभा दिवई के समस्त ग्रामवासी, कल्जीखाल में स्वीकृत नए महाविद्यालय के भवन निर्माण हेतु “भदवाड़ तोक में लगभग 90 नाली गांव सम्मिलित भूमि निशुल्क देने के लिए तैयार हैं। उक्त भूमि को महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए देने में समस्त ग्रामवासियों को किसी भी प्रकार की आपत्ति नहीं है।

सभी ग्रामवासी चाहते हैं कि नवसृजित महाविद्यालय भवन निर्माण हेतु ग्रामसभा दिवई की गांव सम्मिलित भूमि “भदवाड़ तोक” का नक्शा खसरा व स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू की जाये। ताकि उक्त भूमि पर जल्द से जल्द नवसृजित कल्जीखाल महाविद्यालय के भवन निर्माण का कार्य आरम्भ हो सके।

पत्र देने वालों में कनिष्ठ उप प्रमुख अर्जुन पटवाल, जिला पंचायत सदस्य संजय डबराल, सांसद प्रतिनिधि संजय पटवाल, व्यापार संघ अध्यक्ष अजय पटवाल, पूर्व प्रधानाचार्य राजेंद्र पटवाल, वरिष्ठ नागरिक सुरेंद्र सिंह पटवाल, गौरव पटवाल तथा ग्राम प्रधान दिवई अनीता देवी पटवाल सहित समस्त दिवई ग्रामवासी शामिल थे।