देवप्रयाग: 12 मार्च 2026 को ओंकारानंद सरस्वती राजकीय महाविद्यालय, देवप्रयाग की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ओमप्रकाश के नेतृत्व में स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया।
द्वितीय दिवस की शुरुआत प्रातः 5:30 बजे प्रातः स्मरण श्लोक के साथ हुई। इसके बाद सभी स्वयंसेवक दैनिक कार्यों से निवृत्त होकर सुबह 6:30 बजे क्रीड़ा परिसर में एकत्रित हुए, जहाँ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ओमप्रकाश ने स्वयंसेवकों को व्यायाम कराया। व्यायाम के उपरांत स्वयंसेवकों ने शिविर स्थल पर सफाई अभियान चलाया।
इस दौरान स्वयंसेवकों ने ग्राम मुनेठ के प्राकृतिक जल स्रोत तथा ग्राम सभा स्थित नरसिंह देवता मंदिर परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया और एकत्रित कूड़े-कचरे का उचित निस्तारण किया। दोपहर 12:00 बजे सभी स्वयंसेवक शिविर स्थल पर लौट आए। भोजन के उपरांत अपराह्न 3:00 बजे आयोजित बौद्धिक सत्र में सभी स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग किया।
बौद्धिक सत्र में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ओमप्रकाश ने “जीवन में अनुशासन का महत्व” विषय पर व्याख्यान देते हुए शिविरार्थियों को अनुशासित जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं सायंकालीन सत्र में स्वयंसेवकों ने गांव का सर्वेक्षण कर ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी भी जुटाई।



