पौड़ी: विकास खंड कल्जीखाल की ग्राम पंचायत डांगी में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशों के अनुपालन में एक खुली बैठक का आयोजन किया गया। खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश बलूनी के सक्रिय समन्वय से आयोजित इस बैठक में ग्रामीणों की सर्वसम्मति से वर्ष 2026-27 के लिए मनरेगा, राज्य वित्त तथा अन्य योजनाओं के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्ताव पारित किए गए।
प्रशासक एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) अरुण रावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्राम पंचायत के समग्र विकास को लेकर एक व्यापक मास्टर प्लान पर चर्चा की गई। इसमें जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए एकल घरों में सोलर लाइट लगाने, सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत, ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण तथा पाइपलाइन मरम्मत जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी। इसके अलावा पंचायत भवन के विद्युतीकरण, सड़कों के पैचवर्क तथा समाज कल्याण, बाल विकास और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ग्रामीणों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
बैठक में विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सामाजिक कार्यकर्ताओं और नवनिर्वाचित ग्राम पंचायत सदस्यों को मिलाकर एक ‘निगरानी समिति’ का गठन भी किया गया। इसी अवसर पर उपचुनाव में नवनिर्वाचित ग्राम पंचायत सदस्यों को प्रशासक द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ भी दिलाई गई।
बैठक में ग्रामोत्थान परियोजना के तहत महिला समूहों को सशक्त बनाने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी एवं पीएलबी जगमोहन डांगी ने किया। उन्होंने ग्रामीणों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी द्वारा प्रदान की जाने वाली निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी दीपेश नेगी, ग्राम पंचायत अधिकारी फुरकान अली, बाल विकास विभाग से माया राणा, राउमा विद्यालय डांगी की प्रभारी प्रधानाचार्य नीलम बिष्ट, वन पंचायत सरपंच मीना देवी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री रानेश्वरी देवी तथा आशा कार्यकत्री मीना देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



