Pauri News : तहसील पौड़ी के राजस्व क्षेत्र स्थित एक गांव की महिला पिछले एक हफ्ते से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। जानकारी के मुताबिक 26 वर्षीय महिला अपने डेढ़ साल की बच्ची और 4 साल के बेटे को घर में छोड़कर लापता हुई है। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब महिला का कहीं पता नहीं चला, तब महिला के पति द्वारा राजस्व पुलिस में गुमशुदगी तहरीर दी गई। पति की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर लापता विवाहिता की तलाश शुरू कर दी है।
नायब तहसीलदार पौड़ी हरेंद्र खत्री ने बताया कि तहसील के राजस्व क्षेत्र स्थित एक गांव की एक विवाहिता बीते 17 अप्रैल की सुबह 8 बजे परिजन के यहां जाने की बात कहकर घर से निकली थी। शाम तक जब विवाहिता घर नहीं लौटी, तो घर वालों ने संबंधित परिजन से संपर्क किया। परिजन ने विवाहिता के उसके घर नहीं आने की बात कही। जिसके बाद उन्होंने लगातार संभावित स्थानों में विवाहिता की तलाश की। लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी।
विवाहिता के पति ने अब राजस्व पुलिस को तहरीर सौंप गुमशुदगी दर्ज कराई है। नायब तहसीलदार ने बताया कि तहसील के एक राजस्व क्षेत्र के गांव से एक विवाहिता लापता होने की गुमशुदगी दर्ज हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इस केस को रेगुलर पुलिस को ट्रांसफर कर दिया है। यह गांव पौड़ी तहसील के कपोलस्यूं पट्टी क्षेत्र के अंतर्गत आता है।