पौड़ी: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विकास खंड कल्जीखाल के अंतर्गत ग्राम पंचायत घंडियाल में महिला मंगल दल द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक क्षेत्रों में बढ़ती भागीदारी पर प्रकाश डाला गया तथा महिला सशक्तिकरण के महत्व को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य घंडियाल एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रीमती अंजू रावत ने महिलाओं को सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में आगे आकर अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि वर्षों से गांवों की महिलाओं को एनजीओ के माध्यम से स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विशेष अतिथि पीएलवी जगमोहन डांगी ने कहा कि आज महिलाओं की भागीदारी समाज के हर क्षेत्र में दिखाई दे रही है। उन्होंने जनपद पौड़ी का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां जिलाधिकारी से लेकर कई प्रशासनिक पदों पर महिलाएं कार्यरत हैं। इसके अलावा पंचायत स्तर पर भी ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष से लेकर नगर निकायों में भी महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ रहा है।

वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी केवल उत्सव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उनके अधिकारों, समानता और सशक्तिकरण का प्रतीक है। आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, खेल, उद्यमिता और सामाजिक नेतृत्व सहित हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना संभव नहीं है। इसलिए महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है।

महिला मंगल दल अध्यक्ष श्रीमती गायत्री देवी पटवाल ने कहा कि संगठन महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा उन्हें स्वरोजगार, स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक विकास से जोड़ने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली कई महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान डांगू श्रीमती बबीता देवी, सहकारी साधन समिति घंडियाल की अध्यक्ष श्रीमती नीतू लिंगवाल, कीर्तन मंडली अध्यक्ष श्रीमती सरिता देवी, श्रीमती कृष्णा देवी, श्रीमती पूजा पटवाल, आंगनबाड़ी कार्यकत्री सरिता देवी, श्रीमती दीपा रावत, श्रीमती सुमित्रा देवी रावत सहित क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिला मंगल दल की सदस्याएं और महिला पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत घंडियाल की प्रधान श्रीमती अनीता देवी ने की।

जगमोहन डांगी