पौड़ी: पत्रकारिता के मौन साधक और नागरिक मंच पौड़ी के संस्थापक स्वर्गीय ललित मोहन कोठियाल की पुण्यतिथि पर आज नागरिक कल्याण समिति पौड़ी और स्व. उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर रंगकर्मी, लेखक व निर्देशक यमुना राम तथा नगर के प्रसिद्ध संस्कृति कर्मी, गीतकार, गायक व संगीतकार मनोज रावत ‘अंजुल’ को उनके उत्कृष्ट सांस्कृतिक योगदान के लिए स्व. ललित मोहन कोठियाल स्मृति सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11 बजे ललित मोहन कोठियाल स्मृति वन वाटिका में वृक्षारोपण और सफाई अभियान के साथ हुई। दोनों संगठनों के प्रयासों से विकसित इस वाटिका में देवदार, बांज सहित फलदार वृक्षों का संरक्षण किया जा रहा है। इसके उपरांत जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए।
दोपहर एक बजे डीएवी इंटर कॉलेज, पौड़ी में आयोजित मुख्य समारोह में स्व. कोठियाल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर नगर के विभिन्न विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण के विकास पर चर्चा हुई। बच्चों के बीच मनोज दुर्बी और यमुना राम ने हल्के-फुल्के अंदाज में सारगर्भित विचार साझा कर खूब सराहना बटोरी।
नागरिक मंच पौड़ी द्वारा नगर में सांस्कृतिक गतिविधियों और रंगमंच को नई पहचान दिलाने के लिए नवांकुर नाट्य समूह के रंगकर्मी यमुना राम तथा संस्कृति कर्मी मनोज रावत ‘अंजुल’ को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त मंच के सक्रिय सहयोगियों भगवान सिंह, गबर सिंह और साहसिक पर्यटक प्रशांत नेगी को भी उनके योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मनोज रावत ‘अंजुल’ ने पलायन पर अपनी रचना गीत के रूप में प्रस्तुत की, जबकि नवांकुर नाट्य समूह के सदस्यों ने भी गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। ट्रस्ट के सचिव नरेश नौड़ियाल ने स्व. ललित मोहन कोठियाल के पत्रकारिता, समाज सेवा और कृषि सुधार में उनके कार्यों के बारे में प्रकाश डाला। श्रद्धांजलि सभा में प्रशांत नेगी, जगमोहन डांगी ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने स्व. कोठियाल के कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढाने का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एवं यूएनआई के पूर्व संपादक सुरेश नौटियाल ने की तथा संचालन आशीष नेगी ने किया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं सहित नगर के गणमान्य नागरिक मंच के अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत, सचिव गबर सिंह नेगी, झबर सिंह रावत, ठाकुर सिंह नेगी, पुष्कर सिंह, पद्मेन्द्र सिंह, प्रशांत नेगी, मकान सिंह, भगवान सिंह, विमल नैथानी, भूपेंद्र सिंह रावत के अलावा ट्रस्ट के अध्यक्ष विमल चन्द्र सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह रावत, सिद्धबली बिष्ट,नवांकुर के पारस, सुधांशु नौड़ियाल तनुप्रिया थपलियाल और साथी तथा विद्यालय के अध्यापकों सहित मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।
जगमोहन डांगी