सतपुली: पौड़ी जनपद की हृदय स्थली नगर पंचायत सतपुली नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए आज कांग्रेस प्रत्यासी जितेंद्र चौहान ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ शक्ति प्रदर्शन कर किया। उनका जुलूस उनके कार्यालय मलेठी से निकला और तहसील परिसर तक पहुंचा, जहां उन्होंने अपना नामांकन किया।
बता दें कि जितेंद्र चौहान जनपद पौड़ी के मशहूर उद्योगपति सुंदर सिंह चौहान के सुपुत्र है। सुंदर सिंह चौहान जनपद पौड़ी में समाजसेवा के क्षेत्र में भी जाना माना नाम है। जितेंद्र चौहान बीते समय में पूर्व सांसद प्रतिनिधि भी रह चुके हैं। इस मौके पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कांग्रेस आलाकमान का धन्यवाद प्रकट करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर भरोसा किया है वे उस भरोसे पर खरा उतरेंगे।
उन्होंने बताया कि यदि जनता उन्हें आशीर्वाद देती है तो वे अपने निजी स्रोत व नगर पंचायत के सहयोग से क्षेत्रीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएंगे साथ ही नगर में पार्किंग, शौचालय आदि की समस्याओं को दूर किया जायेगा। पूर्व भाजपा व वर्तमान कांग्रेस पार्टी में सामिल हुए पूर्व ग्राम प्रधान सतपुली जगदम्बा डंगवाल ने भाजपा के नगर अध्यक्ष व चुनाव प्रभारी पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि जिन कार्यों को अध्यक्षा महोदय व उनके पति गिना रहें है, उनमे उनके द्वारा एक भी कार्य नहीं किया गया है। झील झील नहीं बल्कि एक छोटा सा जलाशय है, जो सतपाल महाराज के कार्यकाल में हुआ है, जो चौबटाखाल विधानसभा में हुआ है न कि नगर पंचायत सतपुली का। ऐसे ही पर्यटक अतिथि गृह, पर्यटन मंत्री ने तथा महाविद्यालय पूर्व सीएम त्रिवेद्र रावत ने बनवाया है। इसीलिए इस बार सतपुली नगर पंचायत की जनता ने जितेंद्र चौहान को जिताने का मन बनाया है। इस बार नगर निकाय में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।
इस अवसर पर ठाकुर सुंदर सिंह चौहान, कांग्रेस नगर अध्यक्ष सुरजन सिंह रौतेला, नरेंद्र सिंह नेगी, कांग्रेस युवा नेता दीपक असवाल, पूर्व प्रधान जगदम्बा डंगवाल, निवर्तमान पार्षद थामेशवर कुकरेती, निवर्तमान पार्षद आरती पंवार, तिलोक सिंह नेगी, गंगा सिंह नेगी, संजय कुकरेती सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।