पौड़ी : पौड़ी गढ़वाल के गंगवाड़स्यूं पट्टी के बलोड़ी स्थित सिद्धपीठ श्रीदेवलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में स्थापित नृसिंह-भगवान की पौराणिक पत्थर की मूर्ति चोरी के मामले में राजस्व पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित युवक के पास से चोरी हुई मूर्ति बरामद की है। जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक पास के ही गांव का रहने वाला है।
बता दें कि बीते 3 मार्च को पौड़ी मुख्यालय से महज 10 किमी की दूरी पर स्थित बलोड़ी गांव के सिद्धपीठ श्रीदेवलेश्वर महादेव मन्दिर में स्थापित भगवान नरसिंह की पौराणिक पत्थर की मूर्ति चोरी हो गई थी। मूर्ति चोरी का पता चलने पर पूरे क्षेत्र में हड़कम्प मच गया था। जिसके बाद मंदिर समिति के उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा इस मामले में तहरीर राजस्व पुलिस को दी गयी. तथा मूर्ति चोर को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गयी थी। जिस पर राजस्व पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु की थी।
यह भी पढ़ें: पौड़ी पुलिस द्वारा ऑनलाइन साईबर ठगी का शिकार हुये व्यक्ति के खाते में लौटाई ₹40,000 की धनराशि
आज नायब तहसीलदार पौड़ी संजय सिंह नेगी ने बताया कि एक माह की मेहनत के बाद मूर्ति चोरी का खुलासा हो गया है। पौराणिक पत्थर की मूर्ति चोरी को कुंजेठा गांव निवासी युवक ने अंजाम दिया था। राजस्व पुलिस ने आरोपी युवक को घर से गिरफ्तार किया। साथ ही चोरी की गई मूर्ति को भी बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पौड़ी की अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर आरोपी को जिला कारागार खांड्यूसैण भेज दिया गया है।