Home उत्तराखण्ड वीरेंद्र जुयाल ने वीर पुरिया नैथाणी राजकीय इंटर कॉलेज पुरियाडांग के छात्र-छात्राओं...

वीरेंद्र जुयाल ने वीर पुरिया नैथाणी राजकीय इंटर कॉलेज पुरियाडांग के छात्र-छात्राओं से किया संवाद

पौड़ी गढ़वाल। विकासखंड कल्जीखाल स्थित वीर पुरिया नैथाणी राजकीय इंटर कॉलेज, पुरियाडांग में राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड, भारत सरकार के निदेशक एवं भाजपा के राष्ट्रीय नेता बीरेंद्र जुयाल ने छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड राज्य के इतिहास, वर्तमान चुनौतियों, युवाओं की भूमिका तथा शिक्षा एवं खेलों के महत्व पर विस्तार से अपने विचार साझा किए।

अपने संबोधन में बीरेंद्र जुयाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य लंबे संघर्ष और अनेक बलिदानों के बाद अस्तित्व में आया है। राज्य निर्माण आंदोलन में अनेक महिलाओं और युवाओं ने अपने प्राणों की आहुति दी, जिसके परिणामस्वरूप उत्तराखंड राज्य का गठन संभव हो सका। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्र-छात्रा को राज्य निर्माण के इतिहास और उससे जुड़े संघर्ष की जानकारी अवश्य होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि राज्य गठन के 26 वर्ष पूरे होने के बावजूद नई पीढ़ी अपने राज्य के इतिहास और यहां जन्मी महान विभूतियों से पूरी तरह परिचित नहीं है। जिस प्रकार देश के महान व्यक्तित्वों को हम सम्मानपूर्वक याद करते हैं, उसी प्रकार उत्तराखंड की विभूतियों के योगदान को भी जानना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।

बीरेंद्र जुयाल ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए समय-समय पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं योजनाओं का आयोजन कर रही है। विद्यार्थियों को अपने जीवन का लक्ष्य अभी से निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए।

कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी एवं विद्यालय के पूर्व पीटीए अध्यक्ष जगमोहन डांगी, वर्तमान पीटीए अध्यक्ष हिमानी भंडारी, प्रधानाचार्य मनोज कुमार गुनियाल, विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

संवाद कार्यक्रम के दौरान हाजिरजवाबी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को ‘वंदे मातरम्’ कैप तथा नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन अंग्रेजी प्रवक्ता बालम सिंह राणा ने किया। समापन अवसर पर बीरेंद्र जुयाल ने विद्यालय परिवार के सभी गुरुजनों को नमन करते हुए छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और भगवान श्री बद्री विशाल से उनके सफल एवं समृद्ध जीवन की प्रार्थना की।

जगमोहन डांगी