नई दिल्ली: ढौंडियाल भ्रातृ मंडल (पंजी.), दिल्ली द्वारा रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को 62वें वार्षिकोत्सव, इष्ट देव पूजन (भंडारा) एवं पंचम मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन बद्री नारायण (बद्रीनाथ) मंदिर परिसर, किदवई नगर, नई दिल्ली में पूरे धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्साह के साथ संपन्न होगा।
आयोजन की शुरुआत प्रातः 8:00 बजे इष्ट देव पूजन एवं हवन से होगी। इसके बाद भजन-कीर्तन, अतिथियों का स्वागत, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, प्रसाद वितरण तथा पर्वतीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में पर्वतीय कला संगम (पंजी.), दिल्ली के कलाकार उत्तराखंड की लोकसंस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे।
समारोह के मुख्य अतिथि देवड़ा ग्रुप ऑफ कंपनीज के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी कुलदीप देवड़ा होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सुप्रीम एडवरटाइजिंग प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक गजेन्द्र सिंह रावत, चक्रधर ढौंडियाल, खुशालमणि ढौंडियाल तथा श्रीमती मानसी ढौंडियाल भट्ट (ट्रस्टी, राय ट्रस्ट) अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
आयोजन समिति ने सभी ढौंडियाल बंधुओं एवं समाज के लोगों से सपरिवार, इष्ट मित्रों सहित कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। समिति का कहना है कि यह समारोह समाज की एकजुटता, धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत तथा नई पीढ़ी को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम के समापन पर सायं 4:00 बजे से बद्रीनाथ मंदिर परिसर, किदवई नगर, नई दिल्ली में सामूहिक मिलन एवं सांस्कृतिक आयोजन भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है।

















