रानीखेत: रविवार 23 फरवरी को सिलोर DSMS समिति द्वारा रानीखेत तहसील की सिलोर पट्टी में ग्राम डढूली, सरना, मलोटा एवं सिलोर क्षेत्र के अन्य गांवों की जनता के साथ संवाद, अभिप्रेरणा और आम सभा का आयोजन किया गया। ग्रामोत्थान का संकल्प लेकर DSMS समिति का विस्तार किया गया।
क्षेत्र में समिति की पहली आम खुली बैठक डढूली के राम मंदिर परिसर में संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ ही देश के विभिन्न क्षेत्रों से आये स्थानीय प्रवासियों ने भाग लिया और समिति के दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रकाश चन्द्र तिवारी ने सभी को समिति के उद्देश्य, संकल्पना से अवगत कराते हुए गांवों के विकास, आजीविका, कृषि संरक्षण व सुधार, और रिवर्स पलायन की दिशा में काम करने के लिए आपसी एकजुटता पर जोर दिया।
बैठक में समिति के विभिन्न दायित्वों के निर्वहन हेतु विभिन्न पदों पर मनोनयन हेतु नाम प्रस्तावित किये गए। आम बैठक में अध्यक्ष पद के लिए देवेन्द्र सिंह रौतेला, महासचिव अशोक तिवारी, उपाध्यक्ष पान सिंह रौतेला, उपाध्यक्ष कुंदन सिंह रौतेला एवं कोषाध्यक्ष पद हेतु हेमचंद्र तिवारी के नाम सर्वसम्मति से निर्विरोध प्रस्तावित किये गये।
इसी के साथ आम बैठक में क्षेत्र के ग्रामों के निवासियों, प्रवासियों द्वारा DSMS समिति के मार्गदर्शन में वार्षिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया गया। आगामी 7 व 8 जून को सिलोर और समीपवर्ती क्षेत्रों के निवासी और प्रवासी सिलोर महोत्सव का आयोजन करेंगे।
ग्राम वासियों द्वारा इस महोत्सव के द्वारा उत्तराखंड की संस्कृति, धरोहरों, ग्रामो, बाखलियों को समृद्ध बनाने, क्षेत्र में विकास हेतु प्रयास करने, आजीविका सृजन, कृषि-जल संरक्षण, जीर्ण शीर्ण भवनों से प्रवासियों को जोड़ने, उनके जीर्णोद्धार और आपस में मिलकर समिति के उद्देश्यों के लिए काम करने जरूरत और इच्छा व्यक्त की गई।
इस दौरान ग्राम वासियों को कुछ सामाज सेवकों द्वारा समिति के उद्देश्य के बारे में भी समझाया गया जिसमें प्रमुखता से नवीन चंद डालाकोटी, संजय नैनवाल द्वारा अपने विचार व्यक्त किए गए।
इस दौरान गांव की महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों द्वारा समिति के उद्देश्यों को सफल करने हेतु अपना सहयोग देने का आश्वासन दिया गया। सभा में क्षेत्र के विभिन्न गांवों के हेम तिवारी, विशन सिंह रौतेला, अशोक तिवारी, पृथ्वीपाल रौतेला, विनोद तिवारी, उर्बादत तिवारी, पंचम रौतेला, दिनेश तिवारी, कमल तिवारी, दीपक रौतेला आदि मौजूद थे।



